129वें दिन भी जारी रहा गोहाना में भाकिय का अनिश्चितकालीन धरना
गोहाना :-4 जून : तेज धूप और लू में मंगलवार को शहर के लघु सचिवालय में भारतीय किसान यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना 129 वें दिन भी जारी रहा। यह धरना दो से तीन साल पहले बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे के लिए दिया जा रहा है। गोहाना का धरना सोनीपत का जिला स्तरीय धरना है।
धरने की कमान हरियाणा भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने संभाल रखी है । उनके अनुसार 2021 और 2022 में किसानों की जो फसलें खराब हुई थीं, उनको उसका मुआवजा अब तक भी नहीं दिया गया है। किसान यह मुआवजा 12 % ब्याज समेत चाहते हैं। यह वही दर है जिस पर किसानों से फसली कर्ज का सूद बैंक वसूलते हैं।
सत्यवान नरवाल ने निराशा व्यक्त की कि भाकियू ने रिलायंस बीमा कम्पनी पर अब तक भी केस दर्ज नहीं किया है । इस के लिए गोहाना पुलिस जिले के डी.सी.पी. कार्यालय में मई के महीने में ज्ञापन दिया गया था। कम्पनी पर आरोप है कि जब मुआवजा देने का समय आया, तब उसने मुआवजा देने से बचने के लिए अप्रत्याशित रूप से किसानों की पॉलिसियां ही रद्द कर दीं तथा केवल प्रीमियम को रिफंड कर अपना पीछा छुड़वा लिया I
गोहाना के लघु सचिवालय में किसान 29 जनवरी से धरने पर बैठे हैं। तभी से यह धरना बिना ब्रेक लगातार चल रहा है। भाकियू का दो टूक कहना है कि जब तक रिलायंस पर किसानों से धोखाधड़ी करने का केस दर्ज नहीं होगा तथा किसानों के खातों में देय मुआवजा ब्याज समेत नहीं आएगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
129वें दिन के धरने पर जो किसान बैठे, वे वीरेंद्र लाठ, बिजेंद्र राणा खेड़ी, सतीश कथूरा, बलवंत राणा खेड़ी, रमेश मदीना, रमेश शर्मा, सतपाल मलिक, सुरेश नरवाल आदि रहे।



