गोहाना के कायाकल्प के लिए आदर्श आचार संहिता हटने का इंतजार, नगर परिषद की चेयरपर्सन ने अधिकारियों की बैठक में तैयार किया योजनाओं का खाका

गोहाना शहर के समग्र कायाकल्प का प्रारूप तैयार हो चुका है। 5 जून को जैसे ही लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता हटेगी, नगर परिषद शहर के रूपांतरण की योजनाओं को अमली जामा पहनाने में तुरंत जुट जाएगी।
रजनी इंद्रजीत विरमानी, चेयरपर्सन, नगर परिषद
गोहाना :-30 मई : अब नगर परिषद को लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता हटने का तैयार है। 5 जून को जैसे ही यह बंधन हटेगा, नगर परिषद गोहाना शहर के कायाकल्प के अभियान में नए सिरे से जुट जाएगी। नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों की बैठक की। इस बैठक में प्रस्तावित योजनाओं का खाका तैयार कर लिया गया।
हरियाणा भर में गोहाना स्वच्छता में नंबर वन घोषित किया जा चुका है। अब नगर परिषद का अगला टारगेट भारत का नंबर वन क्लीन सिटी बनना है। इस के लिए नगर परिषद नागरिकों में अब डस्टबिन बांटेगी। प्रत्येक परिवार को दो डस्टबिन दिए जाएंगे। इनमें से एक डस्टबिन हरे रंग और दसरा डस्टबिन नीले रंग का होगा। एक डस्टर्बिन में सूखे तो दूसरे डस्टबिन में गीले कूड़े को संजोना होगा। नगर परिषद की घर-घर से कूड़ा बटोरने वाली गाड़ियों के भी दो भाग होंगे। एक भाग हरे रंग तो दूसरा भाग नीले रंग का होगा । हरे भाग में हरे रंग के डस्टबिन और नीले भाग में नीले रंग के डस्टबिन को खाली किया जाएगा।
गोहाना के बहुत बड़े हिस्से में अब खुले नाले और नालियां समाप्त हो चुके हैं। सड़कों के नालों और गलियों की नालियों को बंद कर उनकी जगह भूमिगत बड़े और छोटे पाइप दबाए जा चुके हैं। नगर परिषद तीन सुपर सकर मशीनें भाड़े पर लेने जा रही है। एक बड़ी सुपर सकर मशीन सड़कों के किनारों के भूमिगत पाइप और दो छोटा सुपर सकर मशीनें गलियों की भूमिगत पाइप से कूड़ा खींच निकालने के लिए होगी। अब ऐसा नहीं होगा कि गीला कूड़ा बाहर निकाला जाए, उसके सूखने की प्रतीक्षा हो और उसके बाद उसका उठान हो । अब सीधे पाइप के अंदर से कचरे को बाहर निकाल कर गाड़ी में डाल दिया जाएगा।
नगर परिषद एक वाटर स्प्रिंकलर खरीदेगी। फिलहाल सार्वजनिक स्थलों के पौधों को केवल नीचे पानी दिया जाता है। पौधों पर जमा धूल-मिट्टी बारिश आने पर ही धुलती है। लेकिन वाटर स्प्रिंकलर न केवल पौधों को सींचेगा अपितु उन्हें ऊपर से नीचे तक पानी के छिड़काव से साफ भी रखेगा।
इससे पेड़-पौधे हमेशा चमकते-दमकते रहेंगे तो शहर के तापमान में भी कमी आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
नगर परिषद शहर का सर्वप्रथम म्यूजिकल फव्वारा 50 लाख रुपए की लागत से जवाहर लाल नेहरू नगर परिषद पार्क में लगवाएगी। इस पर 50 लाख रुपए खर्च होंगे। इस समय देवी नगर के स्वर्ण जयंती पार्क में दो जब कि डॉ. मंगलसेन पार्क, शहीद मदन लाल धींगड़ा और शहीद चंद्र शेखर आजाद पार्क में एक-एक नॉन-म्यूजिकल फव्वारे लगे हुए हैं। शहीद मदन लाल धींगड़ा पार्क में निर्माणाधीन कम्युनिटी सेंटर को अब फुल ए.सी. ऑडिटोरियम में कन्वर्ट किया जाएगा। इसी पार्क से स्टे शहीद मदन लाल धींगड़ा स्टेडियम में अंतराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्विमिंग पूल बनाया जाएगा। स्विमिंग सिखाने के लिए एक कोच की भी नियुक्ति होगी। इसी स्टेडियम में क्रिकेट की पिच, स्केटिंग ग्राउंड और टेनिस ग्राउंड विकसित करने के साथ कश्ती के लिए मॉडर्न मैट की व्यवस्था की जाएगी। सेक्टर 7 में विश्वकर्मा चौक से भगवान परशुराम आश्रम तक, गजराज रोड, महम रोड और बरोदा रोड पर फैंसी रोड लाइट लगाई जाएंगी। नगर परिषद मुख्य गुरुद्वारे के निकट सिख श्रद्धालुओं के लिए गुरुनानक द्वार औ गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज के पास जैन मतावलंबियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सुदर्शन द्वार बनवा रही है। अब रोहतक रोड पर दक्ष प्रजापति, पानीपत रोड पर खाटू श्याम, जींद रोड पर श्रीराम शरणम द्वार बनाए जाएंगे। सोनीपत रोड के द्वार के नाम को अभी तय किया जाना है।
