डी.डी. पॉवर्स वापस चाहते हैं हरियाणा के नगर निकायों के अध्यक्ष
गोहाना :-16 मई : हरियाणा के नगर निकायों के अध्यक्ष डी.डी. पॉवर्स की वापसी चाहते हैं। इस आशय की खुली मांग हरियाणा नगर परिषद एवं नगर पालिका अध्यक्ष एसोसिएशन ने सी. एम. नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर की। सैनी को यह भी याद दिलाया गया कि उनके पूर्ववर्ती मनोहर लाल खट्टर के सी.एम. रहते अध्यक्षों को गनमैन और असिस्टेंट देने का वादा भी किया गया था। सी.एम. ने चुनाव की आचार संहिता हटने के बाद मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया ।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निकाय मंत्री सुभाष सुधा की उपस्थिति में सी.एम. से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रजनी इंद्रजीत विरमानी ने किया जो गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन और हरियाणा नगर परिषद एवं नगर पालिका अध्यक्ष एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष हैं ।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डी.डी. पॉवर्स अधिकारियों के पास होते जहां भ्रष्टाचार बढ़ा है, वहीं अधिकारी अध्यक्षों का सम्मान भी नहीं करते। इससे अध्यक्ष स्वयं को उपेक्षित महसूस करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष रजनी इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के समुचित मान-सम्मान के लिए डी.डी. पॉवर्स को अधिकारियों से वापस ले कर पुनः अध्यक्षों को दिया जाना चाहिए।
हरियाणा नगर परिषद एवं नगर पालिका अध्यक्ष एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष ने सी.एम. नायब सिंह सैनी को स्मरण करवाया कि मनोहर लाल खट्टर के सी. एम. रहते सरकार ने नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के अध्यक्षों को गनमैन और असिस्टेंट देने की मांग सैद्धांतिक रूप से स्वीकार कर ली थी। लेकिन इस स्वीकृति को अब तक अमलीजामा नहीं पहनाया गया है।
बातचीत में गांवों की तर्ज पर चौपालों और धर्मशालाओं की मुरम्मत का अधिकार नगर निकायों को देने की बात भी उठी। मुद्दा ऐसी धर्मशालाओं का भी उठा जिन के स्वामित्व का कोई दस्तावेज नहीं है । ऐसी धर्मशालाओं के लिए आर.डब्ल्यू.ए. से शपथ पत्र ले कर उनका विकास करवाने का सुझाव दिया गया ।
रजनी इंद्रजीत विरमानी ने चंडीगढ़ से लौट कर बताया कि सी.एम. से बातचीत बहुत अच्छे माहौल में हुई। उनके अनुसार सी.एम. ने कहा कि सरकार नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के मान-सम्मान में कोई कमी नहीं रहने देगी। अधिकारियों को निर्वाचित अध्यक्षों की पूरी इज्जत करनी ही होगी ।
