गोहाना के एस.डी.एम. ने किया नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण
गोहाना :-3 मई : एस.डी.एम. विवेक आर्य ने शुक्रवार दोपहर को शहर में बरोदा रोड स्थित नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया । उन्होंने अस्पताल में ओ.पी.डी. कक्षों, ऑपरेशन थियेटर, प्रसूति विभाग, आपातकालीन विभाग और अन्य विभागों का निरीक्षण किया।
नागरिक अस्पताल गोहाना में ओ. पी. डी. का समय सुबह आठ बजे से दोपहरबाद दो बजे तक है। दोपहर को छुट्टी होने से कुछ समय पहले ही एस.डी.एम. विवेक आर्य अस्पताल निरीक्षण करने पहुंच गए। वे सबसे पहले एस.एम.ओ. के कार्यालय में पहुंचे। उसके बाद अस्पताल का निरीक्षण शुरू किया गया। वे वार्डों को देखते हुए ऑपरेशन थियेटर में गए ।
इसके बाद पहली मंजिल पर आयुष और होम्योपैथी विभाग का निरीक्षण किया। कर्मचारियों ने कहा कि चिकित्सक अभी निकले हैं। इसके बाद उन्होंने हाजिरी रजिस्टर की जांच की। टीकाकरण वार्ड का जायजा लिया गया। दोपहर दो बजे ओ.पी.डी. वार्डों में अधिकतर
चिकित्सकों के कमरों पर ताले लगे मिले। इस पर उन्होंने
पूछा तो बताया गया कि दोपहर दो बजे छुट्टी हो जाती है ।
इस पर एस.डी.एम. ने कहा कि छुट्टी का समय पूरा होते ही ठीक उसी समय सभी कमरों पर ताले लगाए जाएं। उन्होंने आपातकालीन विभाग में जाकर भी व्यवस्था देखी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि छुट्टी होने से पहले सीट न छोड़ी जाए।


