पानीपत जिले के गांव शेरा निवासी एक किसान को साइबर ठगों ने अपना निशाना बना लिया। एक ठग ने विदेशी नंबर से उसका भतीजा बनकर बात की। कहा कि उसने एजेंट को 10 लाख रुपए देने हैं। वह खाते में भेज रहा है, आने में 2 दिन लग जाएंगे।
इसलिए तब तक वह पेमेंट कर दें। किसान, उनके झांसे में आ गया और उसने 10 लाख रुपए ठगों के बताए नंबरों में भेज दिए। खुद के साथ ठगी होने का पता लगते ही किसान ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
भतीजा कनाडा गया हुआ है, इसलिए झांसे में फंसा किसान
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में रमेश चंद्र ने बताया कि वह गांव शेरा का रहने वाला है। वह खेती-बाड़ी करता है। उसका भतीजा स्वास्तिक, कनाडा गया हुआ है। 18 फरवरी को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसे कहा कि वह स्वास्तिक बोल रहा है। साथ ही कहा कि यह किसी अन्य व्यक्ति का फोन है।
बातचीत के दौरान कहने लगा कि चाचा मैंने एक एजेंट को 10 लाख रुपए देने हैं। मैं आपके खाते में 10 लाख रुपए भेज रहा हूं। 1 या 2 दिन में आपके खाते में ये रुपए आ जाएंगे। तब तक आप उस एजेंट के खाते में 10 लाख रुपए भेज दो। कुछ देर बाद एक और नंबर से कॉल आई।
दादी के बीमार होने की बात कही
जिसने कहा कि मेरी दादी बीमार है। स्वास्तिक ने आपके खाते में 10 लाख रुपए भेजे हैं। आप वह पैसे मेरे खाते में भेज दो। इस तरह ठगों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। उनकी बातों में आकर वह उनके कहे अनुसार तीन बैंक खातों में 10 लाख रुपए भेज दिए। जिसके बारे में उसे बाद में पता लगा कि वह ठगी का शिकार हो गया।