नगर परिषद की टीम ने किया जींद रोड का निरीक्षण, चेयरपर्सन ने डिवाइडर और गमलों की मरम्मत करने के दिये आदेश
गोहाना :-12 अप्रेल : शहर में जींद रोड पर नप द्वारा बनाया गया डिवाइडर वाहनों की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो रहा है। इससे न केवल डिवाइडर पर लगी टाइलें उखड़ रही हैं, बल्कि कई गमले भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसको लेकर नप की टीम ने जींद रोड पर निरीक्षण किया। इसके साथ ही चेयरपर्सन ने संबंधित अधिकारियों को जल्द डिवाइडर की मरम्मत करके गमलों का पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
नगर परिषद द्वारा शहर को सुंदर बनाने के उद्देश्य से सड़कों के साथ महापुरुषों के नाम से बने चौकों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसी के अंतर्गत जींद रोड का करीब चार साल पहले सौंदर्यीकरण कार्य किया गया। इसको लेकर रेलवे ओवरब्रिज से लेकर श्रीराम शरणम् आश्रम न केवल रोड को फोरलेन करके डिवाइडर बनाया गया था, बल्कि पत्थर के पांच फीट ऊंचे गमले तैयार किए गए। इनमें जहां 119 पेड़ लगाए गए थे और आकर्षक लाइटें भी लगाई गई हैं। नप प्रशासन ने रोड के सौंदर्यीकरण पर करीब 40 लाख रुपए खर्च किए थे। इन दिनों डिवाइडर पर बने कई गमले वाहनों की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं जगह-जगह टाइलें भी उखड़ी हुई हैं। ऐसे में शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए नप प्रशासन ने क्षतिग्रस्त गमलों व टाइलों की मरम्मत करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसी को लेकर नप की टीम ने जींद रोड पर निरीक्षण करके डिवाइडर का जायजा लिया |
इस कारण भी डिवाइडर हो रहा क्षतिग्रस्त दरअसल, जींद रोड पर रेलवे ओवरब्रिज से लेकर श्रीराम शरणम् आश्रम तक बने डिवाइडर के बीचोंबीच जगह-जगह कट बने हुए हैं। इन कटों से दिनभर वाहन चालक सड़क को पार करते हैं। इन दिनों फसल के सीजन में जींद रोड पर वाहनों की संख्या अधिक हो जाती है। ऐसे में बड़े वाहनों के कट पार करने में कई बार वाहनों की टक्कर उनमें लग जाती है। इससे डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो रहा है। ऐसे में नप प्रशासन ने अब की बार इनका पुख्ता इंतजाम करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था के साथ ही पानी निकासी भी बेहतर करने के निर्देश दिए।
शहर की सुंदरता को बढ़ावा देने के लिए कराए जा रहे कार्य : रजनी
^जींद रोड पर सफाई के साथ पानी निकासी का जायजा लिया गया था। इस दौरान कई जगह से डिवाइडर क्षतिग्रस्त मिला। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को डिवाइडर का बेहतर सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पेड़-पौधों को भी कोई नुकसान न हो। इसके साथ ही सफाई व नालों से पानी निकासी व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। नप प्रशासन की तरफ से शहर की सुंदरता को बढ़ाने के उद्देश्य से कार्य कराए जा रहे हैं। चालकों से भी अपील है कि वें वाहनों को सुरक्षापूर्वक चलाएं।
रजनी विरमानी, चेयरपर्सन, नगर परिषद, गोहाना
