गोहाना में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों ने रिलायंस कम्पनी के खिलाफ किया प्रदर्शन ; क्लेम मंजूर करने के बाद भी 112 किसानों को नहीं दिया मुआवजा
गोहाना :-1 अप्रैल : अनिश्चितकालीन धरने के 64वें दिन सोमवार को भारतीय किसान यूनियन तब भड़क उठी जब उसके संज्ञान में आया कि पिछले रबी सीजन में हुए फसलों को नुकसान के लिए रिलायंस बीमा कम्पनी ने जिन 112 किसानों का क्लेम मंजूर कर लिया था, उनको अब तक भी भुगतान नहीं किया गया है।
रिलायंस बीमा कम्पनी किसानों के सीधे निशाने पर है। किसानों का आरोप है कि पी. एम. फसल बीमा योजना में इस कम्पनी ने उनको ठगा है। समय सीमा बीत जाने के बाद मात्र इस लिए पॉलिसियों को रद्द कर दिया गया कि किसानों को मुआवजा न चुकाना पड़े | इसे लेकर सोनीपत जिले का जिला स्तर का बेमियादी धरना 29 जनवरी से गोहाना के लघु सचिवालय में जारी है ।
सोमवार को यह नया खुलासा हुआ। इस खुलासे के मुताबिक सोनीपत जिले के विभिन्न गांवों के 112 किसान ऐसे हैं जिनके नुकसान का क्लेम रिलायंस कम्पनी ने मंजूर कर रखा है, इस के बावजूद कम्पनी पेमेंट करने का नाम नहीं ले रही है। यह मुआवजा विगत सत्र के रबी सीजन का है।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने कहा कि रिलायंस बीमा कम्पनी न केवल किसानों का शोषण कर रही है अपितु वह सरकार को भी जबरदस्त चूना लगा रही है। जिन किसानों को नुकसान नहीं हुआ, उनकी पॉलिसियां बेशक रद्द नहीं की गई, कम्पनी केंद्र और राज्य सरकारों की भारी-भरकम सब्सिडी डकार गई ।
सत्यवान नरवाल ने रोष व्यक्त किया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग किसानों के हितों की बलि चढ़ा रहा है तथा इस के अधिकारी कम्पनी के साथ सांठ-गांठ कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस अपील पर आला अधिकारियों को एक महीने में फैसला दे देना था, उसे 14 महीने से दबा कर बैठे हुए हैं ।
प्रदर्शन में पाले राम मदीना, माडू राम कथूरा, राज कुवार आहुलाना, आजाद मोर, राजमल मलिक, कर्मबीर, समुद्र सिंह आदि ने भी भाग लिया ।



