56वीं बार हर की पौड़ी से कांवड़ लाए गोहाना के जयकिशन शर्मा
गोहाना :-7 मार्च : हरियाणा गवर्नमेंट पी.डब्ल्यू. डी. मैकेनिकल वर्क यूनियन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जयकिशन शर्मा हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से 56वीं बोर कांवड़ लाए हैं। वह गुरुवार को गोहाना पहुंच गए। वह शुक्रवार को अपने पैतृक गांव आहुलाना के शिव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
जयकिशन शर्मा हमेशा नंगे पांव रहने के लिए चर्चित हैं। उन्होंने बचपन में ही तब जूते-चप्पल का स्थायी परित्याग कर दिया था जब वह कथूरा गांव में कुश्तियों का दंगल देखने गए थे और वहां उनकी चप्पल चोरी हो गई थी। भगवान शिव के भक्त जयकिशन शर्मा पहले श्रावण मास में कांवड़ लाते थे। अब वह हर साल श्रावण के साथ फाल्गुन माह में महाशिवरात्रि पर भी कांवड़ ला रहे हैं।
जयकिशन शर्मा ने इस बार एक मार्च को अपने सबसे छोटे बेटे सुमित शर्मा के साथ हर की पौड़ी से कांवड़ उठाई। विशेष उल्लेखनीय है कि उनकी पत्नी गीता, तीनों
बेटे-मनजीत, हरिमोहन और सुमित, दोनों बेटियां पूजा और प्रियंका उनके साथ कई-कई बार कांवड़ ला चुके हैं। जयकिशन शर्मा जनस्वास्थ्य विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। वह पूरी तरह से निरक्षर हैं। लेकिन अपनी नेतृत्व क्षमता के बूते पर हरियाणा गवर्नमेंट पी.डब्ल्यू.डी. मैकेनिकल वर्कर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष भी बन चुके हैं।


