भाकियू के गोहाना में चल रहे धरने के 38वें दिन दी चेतावनी : भाजपा प्रत्याशी को गांवों में नहीं घुसने देंगे, 12 तक नहीं मिला मआवजा तो सब 6 हलकों में देंगे धरने
गोहाना :-6 मार्च: रिलायंस कम्पनी पर किसानों से धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाने तथा खराब फसलों के मुआवजे के लिए 38 दिन से आंदोलन कर रही भारतीय किसान यूनियन के तेवर सख्त हो गए हैं। बुधवार को
चेतावनी दी गई कि अगर 12 मार्च तक किसानों के खातों में मुआवजे की रकम ब्याज समेत नहीं आई, सोनीपत जिले के सब 6 विधानसभा क्षेत्रों में धरने प्रारंभ कर दिए जाएंगे तथा लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को किसी भी गांव में नहीं घुसने दिया जाएगा।
हरियाणा भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने कहा कि गोहाना के लघु सचिवालय में 29 जनवरी से धरना प्रदर्शन से सोनीपत का जिला स्तरीय अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। सरकार इस धरने को बिलकुल भी गंभीरता से नहीं ले रही है। बल्कि उसके कृषि सलाहकार किसानों को छलने वाली रिलायंस कंपनी के संरक्षक बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब खराब फसलों का मुआवजा देने का वक्त आया, तब रिलायंस कम्पनी ने किसानों की पॉलिसियां ही रद्द कर दीं।
सत्यवान नरवाल ने कहा कि किसान अब सरकार को 12 मार्च तक का समय देंगे। अगर इस तारीख तक ब्याज समेत मुआवजा की रकम किसानों के खातों में नहीं आई और रिलायंस पर धोखाधड़ी का केस दर्ज नहीं हुआ, सोनीपत जिले के बाकी 5 विधानसभा क्षेत्रों में भी धरने प्रारंभ हो जाएंगे। लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को किसी भी गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों पर कुठाराघात कर रही है।
धरने पर कृषि विभाग के सेवानिवृत्त एस.डी.ओ. राज सिंह ढाका के साथ सतपाल मलिक, राम किशन मलिक, कर्मबीर नरवाल, सूरजभान कुंडू, सोनू नरवाल, सतीश नरवाल, राज सिंह नरवाल, सतीश बनवासा, जगदीश आंवली, शमशेर मलिक, रणजीत सिंह आदि भी उपस्थित रहे।



