हरियाणा के गौरवमयी इतिहास पर बी.पी.एस. महिला विश्वविधालय में आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी ‘युग-युगों से हरियाणा’ का हुआ समापन
इतिहास मानव की विकास यात्रा को जानने का माध्यम : डॉ. नीलम मलिक
गोहाना-28 फरवरी : बी.पी.एस. महिला विश्वविद्यालय में इतिहास एवं पुरातत्व विभाग द्वारा हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पंचकूला के सहयोग से हरियाणा के गौरवमयी इतिहास पर आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी ‘युग-युगों से हरियाणा’ का बुधवार को समापन हो गया।
समापन सत्र की विशिष्ट अतिथि महिला विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार प्रो नीलम मलिक रहीं। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।प्रो नीलम मलिक ने कहा कि इतिहास मानव की विकास यात्रा को जानने का माध्यम है। साथ ही इससे भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने छात्राओं को अपनी सभ्यता और ऐतिहासिक धरोहर को संजो कर रखने के लिए प्रेरित किया। इस प्रदर्शनी की संयोजक, इतिहास एवं पुरातत्व विभाग की अध्यक्ष डॉ अर्चना मलिक ने बताया कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विभागों तथा यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर हरियाणा के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की। हरियाणा साहित्य व संस्कृत अकादमी पंचकूला द्वारा इस अवसर पर हरियाणा के इतिहास से संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।


