खराब फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए 29 जनवरी से गोहाना में धरने पर बैठे हैं किसान
मआवजा मिलने से पहले धरना नहीं होगा खत्म : नरवाल
गोहाना :-28 फरवरी: जब तक किसानों को उनकी खराब हुई फसलों का पूरा मुआवजा नहीं मिल जाएगा, तब तक वे धरने पर बैठे ही रहेंगे चाँहे धरना कितना भी लंबा क्यों न खिंच जाए।
यह संकल्प बुधवार को हरियाणा भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने व्यक्त किया।
सोनीपत जिले का जिला स्तरीय धरना गोहाना के लघु सचिवालय में 29 जनवरी से दिया जा रहा है। यह धरना रविवार के साप्ताहिक अवकाश समेत दूसरी छुट्टियों पर भी निर्बाध जारी है। इस धरने पर भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी दो बार स्वयं आ चुके हैं। वह पहली बार 6 फरवरी तो दूसरी बार 27 फरवरी को आए।
धरने का नेतृत्व कर रहे भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने कहा कि पी. एम. फसल बीमा योजना में रिलायंस कम्पनी ने किसानों से सरासर धोखाधड़ी की है। जब मुआवजा दे की बारी आई, कम्पनी ने किसानों की पॉलिसी रद्द कर केवल प्रीमियम वापस लौटा दिया। यह कदम अनैतिक, अनुचित के साथ अवैध भी है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि जिला स्तर की अपील किसान जीत भी चुके हैं। रिलायंस कम्पनी ने राज्य स्तर पर चुनौती दे रखी है। कम्पनी की जिस अपील पर एक महीने में फैसला नियमानुसार हो जाना चाहिए था, उसे अधिकारी एक साल से ज्यादा वक्त से दबाए बैठे हैं।
सत्यवान नरवाल ने साफ कहा कि धरना महीनों लंबा हो जाए या सालोंसाल चलाना पड़े, मुआवजा मिलने से पहले किसान पीछे नहीं हटेंगे। धरने पर राजमल रुखी, विजय रुखी, राकेश रुखी, सुनील रुखी, सतबीर रुखी, सतपाल मदीना, पालेराम मदीना, रामकिशन मदीना आदि भी बैठे।


