एस.डी.एम. गोहाना ने किया बरोदा हलके के मतदान केंद्रों का निरीक्षण
गोहाना :-22 फरवरी: आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एस.डी.एम. और बरोदा हलके के आर. ओ. विवेक आर्य ने अपने कार्यालय में अधिकारियों की बैठक की तथा उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बरोदा हलके में गांव भैंसवाल, कटवाल, माहरा, रभड़ा, ठसका, आहुलाना, भंडेरी, बरोदा, मुंडलाना, कथूरा तथा भावड़ में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
एस.डी.एम. विवेक आर्य ने कहा कि अधिकारी मतदान केन्द्रों का दौरा कर रिपोर्ट तैयार करें कि जिस बिल्डिंग में मतदान केन्द्र बनाए गए हैं वह जर्जर हालत में न हो। अगर बिल्डिंग जर्जर है तो उसकी रिपोर्ट तुरंत उनके सामने पेश करें ताकि उस मतदान केन्द्र को समय रहते अन्य बिल्डिंग में शिफ्ट किया जा सके।
मतदान केंद्रों पर पानी और शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ रेंप बनाए जाएं ताकि मतदान के दिन विकलांग मतदाताओं को व्हील चेयर से आने-जाने में
परेशानी न हो।
एस.डी.एम. ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव करवाना हम सब की जिम्मेवारी है। ऐसे में अधिकारी ईमानदारी से अपना काम पूरा करें। इस मौके पर बी.डी.पी.ओ. गोहाना परमजीत रंगा, बी.डी.पी.ओ. कथूरा अंकुर कुमार, बी. ई. ओ. गोहाना अनिल श्योराण, बी. ई. ऑ. कथूरा जितेन्द्र, बी. ई. ओ. मुंडलाना बसंत ढिल्लों, पटवारी जोनी, जितेन्द्र मलिक, लेखाकार प्रवीण मोर आदि मौजूद रहे।
