डॉ. सरिता मलिक ने बरोदा गांव के गवर्नमेंट कॉलेज में कम्युनिकेशन स्किल पर कहा-बोलचाल से ही व्यक्तित्व बनता और संवरता है
गोहाना -21 फरवरी :यह आपकी बोलचाल ही है जिससे आप का व्यक्तित्व न केवल बनता अपितु संवरता भी है। बुधवार को यह संदेश बड़ौता गांव के गवर्नमेंट कॉलेज की प्राध्यापक डॉ. सरिता मलिक ने दिया।
डॉ. सरिता मलिक बरोदा गांव के गवर्नमेंट कॉलेज में कम्युनिकेशन स्किल पर विस्तारक व्याख्यान दे रही थीं।अध्यक्षता कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. शमशेर हुड्डा ने की विस्तारक व्याख्यान कॉलेज के प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में हुआ। संयोजन इस सेल के संयोजक और कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल पवन लठवाल ने किया।
मुख्य वक्ता डॉ. सरिता मलिक ने कहा कि कॉलेज वह स्थान है जहां लड़के और लड़कियां ओढ़ना, पहनना और बोलना सीखते हैं। उन्होंने जोर दे कर कहा कि आप किसी से बातचीत कर रहे हों या कोई इंटरव्यू फेस कर रहे हों, सब जगह आप की बोलचाल से ही आप के व्यक्तित्व का अंदाजा लगाया जाता है।
उन्होंने जोर दे कर कहा कि शब्दों के चयन में बेहद सतर्क रहें। तलवार का घाव देर-सवेर भर जाता है, लेकिन जुबान का घाव कभी नहीं भरता। आप खुद को कितने प्रभावी तरीके से व्यक्त कर पाते हैं, इसी से निर्धारण होता है कि आप को सफलता कब मिलेगी।


