गोहाना में पी.डब्ल्यू.डी. मैकेनिकल वर्कर यूनियन की भवन एवं सड़क शाखा का धरना तीसरे दिन भी रहा जारी
एस.डी.ई. के दो दिन से न आने से भड़के कर्मचारी, किया प्रदर्शन
गोहाना :-21 फरवरी : हरियाणा पी.डब्ल्यू.डी. मैकेनिकल वर्कर यूनियन की भवन एवं सड़क शाखा का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जिस एस.डी.ई. के खिलाफ आंदोलन हो रहा है, वह दो दिन से कार्यालय में ही नहीं आ रहे हैं। इससे भड़के कर्मचारियों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया।
भवन और मार्ग शाखा के पी.डब्ल्यू.डी. कर्मचारी तीन दिन से धरने पर बैठे हैं हरियाणा कर्मचारी महासंघ से जुड़ी यूनियन के कर्मचारी एस. डी.ई. द्वारा उनकी मांगें स्वीकार न करने से नाराज हैं। तीसरे दिन के धरने का नेतृत्व यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश कुमार ने किया। संचालन नरेश फौजी ने किया।
सुरेश कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें बेहद छोटी हैं जिनके लिए किसी वित्त की कोई आवश्यकता नहीं है। लेकिन एस.डी.ई. मांगें मानने में विलंब कर जलती आग में घी डाल रहे हैं। उनका न मंगलवार, न बुधवार को कार्यालय में आना यह दर्शाता है कि उनकी कर्मचारियों की मांगों में कोई दिलचस्पी नहीं है।
सुरेश कुमार ने चेतावनी दी कि कर्मचारी अपने शीर्ष नेतृत्व को दखल देने का अनुरोध कर सकते हैं। उसके बाद प्रशासन की राह अतिरिक्त कठिन हो जाएगी।
प्रदर्शन में सुभाष भट्टी, संदीप सैनी, कुलदीप सिंहमार, राजेश बागड़ी, देवेंद्र कटवाल, मनोज बुसाना, सुशील भारद्वाज, अरविंद कुमार, धर्मेंद्र सिंह आदि ने भाँग लिया।


