गोहाना को जल्द ही एक नई एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलेगी-रमेश कौशिक
विधानसभा में जाने का इरादा नहीं, लोकसभा चुनाव ही लडूंगा : कौशिक
गोहाना :-3 जनवरी: मेरा विधानसभा में जाने का कोई इरादा नहीं हैं। मैं लोकसभा चुनाव ही लडूंगा और लडूंगा भी सोनीपत से ही। बुधवार को यह टिप्पणी सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद रमेश कौशिक ने की। वह शहर के सरकारी विश्रामगृह पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
रमेश कौशिक ने दावा किया कि एक सांसद के
तौर पर वह जो कर सकते थे, उन्होंने पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी काम मेरे अधिकार क्षेत्र का बेकाया हो तो बताओ। उन्होंने खुलासा किया कि गोहाना में वेस्टर्न बाईपास अलग से नहीं बनाया जाएगा। इस के लिए रोहतक रोड को ग्रीन एक्सप्रेस वे से कनेक्ट किया जाएगा।
उनके अनुसार गोहाना के रेलवे स्टेशन का करोड़ों रुपए की लागत से आधुनिकीकरण होगा। जल्दी एक नई एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलेगी। यह ट्रेन अप्रैल के बाद चलेगी।
रमेश कौशिक ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा को झूठ नहीं बोलना चाहिए, उन्हें भगवान से डरना चाहिए। हुड्डा के बारे में भाजपा सांसद ने यह शब्द तब कहे जब उनसे पूर्व सी.एम. के इस आरोप पर सवाल किया गया कि रेल कोच फैक्ट्री गोहाना के लाठ-जौली गांवों में लगनी थी। कौशिक ने साफ किया कि ऐसा कोई प्रस्ताव तक नहीं था।
उन्होंने हुड्डा पर पलटवार किया कि दस साल तक उनकी सरकार रही, तब सी. एम. रहते उन्होंने यह रेल कोच फैक्ट्री क्यों नहीं लगवा दी।
प्रदेश में अगले चुनाव में अपनी सरकार बनने के भूपेंद्र सिंह हुड्डा के दावे पर प्रतिक्रिया में कौशिक ने कहा कि अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। सब को पता चल जाएगा कि किस की सरकार बनेगी। सांसद ने कहा कि भाजपा 2019 को फिर से दोहराएगी तथा सब की सब 10 सीटों पर विजय की पताका फहराएगी।
रमेश कौशिक ने पी.एम. नरेंद्र मोदी की इस अपील का समर्थन किया कि अयोध्या में 22 जनवरी के बाद जाएं। इस अवसर पर सोनीपत भाजपा के जिला अध्यक्ष तीर्थ सिंह राणा के साथ बलराम कौशिक, इंद्रजीत विरमानी, वीरेंद्र सिंह आर्य, जसबीर दोदवा आदि भी मौजूद रहे।



