गोहाना खंड की महिलाओं की खेल प्रतियोगिता में 100 मीटर की दौड़ में पूजा तो 400 मीटर में उषा प्रथम
गोहाना :-19 दिसम्बर: महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मंगलवार को गांव आहलाना में महिलाओं के लिए खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में केवल गोहाना खंड के अंतर्गत आने वाले शहर और गांवों की महिलाओं ने भाग लिया।
100 मीटर की दौड़ में पूजा और 400 मीटर की दौड़ में उषा प्रथम स्थान पर रही एस.डी.एम. आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर प्रतियोगिता विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान करवाई गई। विभाग द्वारा अपनी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टाल भी लगाए गए। एस.डी.एम. वशिष्ठ और ओलिंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त ने महिलाओं को प्रोत्साहित किया।
30 वर्ष से अधिक की महिलाओं के लिए 100 मीटर की दौड़ में पूजा पहले, सोनिया दूसरे व प्रेमो देवी तीसरे, चम्मच में आलू रखकर दौड़ में मिंटो पहले, निशा दसरे व उषा तीसरे, मटका दौड़ में कविता को पहला, निशा को दूसरा व उषा को तीसरा स्थान मिला।
17 से 30 वर्ष की महिलाओं के लिए 400 मीटर की दौड़ में उषा प्रथम, रेनू द्वितीय व आशु तृतीय, 300 मीटर की दौड़ में पूजा पहले, कोमल दूसरे व नेहा तीसरे और पांच किलोमीटर की साईकिल दौड़ में मुस्कान पहले, निशा दूसरे व रितु तीसरे स्थान पर रही। अध्यक्षता डब्ल्यू.सी.डी.पी.ओ. सुशीला देवी ने की। इस मौके पर कथूरा खंड की डब्ल्यू.सी.डी.पी.ओ. निर्मला, बी.डी.पी.ओ. अंकुर, ब्लाक समिति कथूरा की अध्यक्ष साक्षी मलिक, प्रवीण मोर, डी.पी.ई. लक्ष्मण सिंह, जग विजय लठवाल आदि मौजूद रहे।



