कांग्रेस पार्टी से खुली मांग : हर लोकसभा सीट की 9 में से 4 विधानसभा सीट ओ.बी.सी. को
कांग्रेस हाईकमान से सोनीपत लोस सीट ओ.बी.सी. के लिए मांगी
गोहाना :-7 दिसम्बर : कांग्रेस हाईकमान आगामी लोकसभा चुनाव मैं सोनीपत सीट से ओ.बी.सी. प्रत्याशी को खड़ा करे। गुरुवार को यह मांग प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव सुभाष बत्रा ने की। वह कांग्रेस के ओ. बी. सी. सेल के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अनिल सैनी के साथ गोहाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सैनी ने अपनी पार्टी से हर लोस सीट पर 9 में से 4 टिकटें ओ.बी.सी. उम्मीदवारों को देने की खुली मांग की।
पूर्व गृह मंत्री बत्रा ने साफ कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस समेत किसी भी राजनीतिक दल ने ओ.बी.सी. को आज तक उसका अधिकार नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि ओ.बी.सी. की ताकत क्या है, इस के ट्रायल के लिए कांग्रेस हाई कमान को सोनीपत और रोहतक में से सोनीपत सीट पर इस बार ओ. बी. सी. उम्मीदवार खड़ा करना चाहिए। वह बोले : रोहतक सीट पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव लड़ते रहे हैं, ऐसे में हम उस सीट से कोई छेड़छाड़ नहीं चाहते।
रोहतक और सोनीपत ही क्यों, बाकी की 8 लोकसभा सीटों में से कोई क्यों नहीं, इस के जवाब में सुभाष बत्रा ने कहा कि रोहतक की सीट के मतदाताओं में 7 लाख ओ. बी. सी. मतदाता हैं सोनीपत सीट पर यह आंकड़ा 6 लाख का है।
सुभाष बत्रा ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी पर जम कर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि सी.एम. से अगली कोठी सैनी की है, वह बताएं कि उन्होंने मंत्री और सांसद रहते ओ.बी.सी. के लिए क्या किया। पूर्व गृह मंत्री ने जातिगत जनगणना का खुला समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जिस जाति की जितनी संख्या हो, उसे उसी अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी दे दी जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव बत्रा ने कहा कि जल्दी ही अप्वाइंटमेंट ले कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की जाएगी। यह भेंट पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा से भी होगी। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शैलजा से मिल कर ओ. बी. सी. जातियों के लिए टिकटों की मांग पहले ही की जा चुकी है।
तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया में सुभाष बत्रा ने कहा कि जनता की मेमोरी वीक होती है। 15 दिन बाद फिर से पुराना माहौल नजर आने लगेगा।
ओ.बी.सी. सेल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल सैनी ने कहा कि ओ.बी.सी. जातियों का कल्याण तभी होगा जब विधानसभाओं और लोकसभा में उनके अपने नेता पर्याप्त संख्या में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रत्येक लोकसभा सीट की 9 में से 4 सीटों पर ओ.बी.सी. उम्मीदवार उतारने चाहिएं।
इस अवसर पर प्रमोद सिंहपुरिया, प्रवीण सैनी, रणधीर सैनी और पवन सैनी भी उपस्थित रहे।



