दुष्यंत ने सिरे से खारिज किया : विस-लोस चुनाव होंगे एक साथ
राजस्थान चुनाव पर प्रतिक्रिया : बीज बोया जाता है, तभी पेड़ बनता है

गोहाना :- 6 दिसम्बर : प्रदेश के डिप्टी सी.एम. दुष्यंत सिंह चौटाला को नहीं लगता कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ होंगे। दोनों चुनाव एक साथ होने की सँभावना को दुष्यंत ने सिरे से खारिज कर दिया, पर जोड़ा कि ये चुनाव एक साथ होने पर जजपा लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। वैसे उन्होंने कार्यकर्ताओं से खुला आग्रह भी किया कि अभी महीने पड़े हैं, तुरंत तैयारी में जुट जाओ।
दुष्यंत सिंह चौटाला बुधवार की शाम को बरोदा हलके के दौरे पर आए थे। वह आहुलाना गाँव में पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे। राजस्थान में अपनी पार्टी की दुर्गति से डिप्टी सी. एम. परेशान नहीं लगे। उन्होंने कहा: कोई बीज बोया जाता है, तभी तो एक दिन पेड़ बनता है। उन्होंने साफ किया कि भविष्य में राजस्थान में होने वाले पंचायत चुनाव समेत जजपा सब चुनाव लड़ेगी। उनके अनुसार दिसंबर के महीने में राजस्थान की कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी।
भाजपा के सामने चुनाव लड़ने के सवाल पर दुष्यंत ने कहा कि हमारा समझौता हरियाणा में है, राजस्थान में नहीं था। उन्होंने खुलासा किया कि राजस्थान को ले कर उन्होंने भाजपा से चर्चा की थी। पर वहां पहले भाजपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिए तो बाद में हमने भी कर दिए।
डिप्टी सी.एम. ने तीन राज्यों में मिली करारी हार के लिए कांग्रेस के हरियाणा के तीन दिग्गजों को घेरा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ ने कांग्रेस को आईना दिखा दिया है। उन्होंने स्मरण करवाया कि हार वाले राज्यों में एक के प्रभा भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दूसरे के रणदीप सुरजेवाला और तीसरे की किरण चौधरी थीं।
इस अवसर पर जजपा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. के.सी. बांगड़, राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र सिंह मलिक,सोनीपत जजपा के जिला अध्यक्ष राज सिंह दहिया, चेयरमैन पवन खरखौदा और सुमित राणा आदि भी उपस्थित रहे। बाद में डिप्टी सी. एम. भैंसवान खुर्द चौक, महमूदपुर और बुटाना गांवों में भी पहुंचे।



