डीआरएम ने किया सोनीपत रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
सोनीपत :-रेलवे स्टेशन पर अमृत योजना के तहत चल रहे कायाकल्प कार्य का जायजा लेने के लिए बुधवार को दिल्ली मंडल के डीआरएम सुखविंद्र सिंह सोनीपत पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ पहले रेलवे स्टेशन के नए भवन के नक्शे को देखा। इसके बाद स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते हुए मौजूद अधिकारियों को निर्माण कार्य को बेहतर तरीके से करवाने के निर्देश दिए।
डीआरएम सुखविंद्र सिंह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अपने विशेष रेलवे यान से बुधवार सुबह करीब 12 बजे सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंचे। डीआरएम के आगमन को लेकर स्टेशन पर सभी अधिकारी व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे। जीआरपी व आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर खड़ी होने वाली ऑटाे रिक्शा को पहले ही हटवा दिया था। डीआरएम ने रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार, फुट ओवरब्रिज व प्लेटफार्म नंबर चार से बाहर की तरफ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी की तरफ से आने वाले यात्रियों के लिए प्रवेश द्वार बनाने पर चर्चा की। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिक्षालय, पार्किंग व्यवस्था के साथ ही साफ-सफाई की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कुछ यात्रियों स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने की बात कही। डीआरएम ने मामले में गंभीरता से लेते हुए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। डीआरएम करीब एक घंटे तक स्टेशन पर रुके और निरीक्षण उपरांत दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
रेलवे यूनियन पदाधिकारियों ने सौंपा 18 सूत्री मांगपत्र
सोनीपत व पानीपत से उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारियाें ने डीआरएम से मिलकर अपना 18 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। यूनियन के पानीपत शाखा सचिव मोहिंद्र सिंह ने बताया कि मांगपत्र में बंद ट्रेनों को चलवाने, क्वार्टरों की मरम्मत करवाने, सोनीपत व पानीपत रेलवे अस्पताल में डॉक्टरों की नियमित करते व लैब की सुविधा शुरू करवाने की मांग की। इसके अलावा ट्रैकमैन की सुरक्षा के लिए रक्षक डिवाइस लगवाने की मांग की ताकि रेलवे लाइन पर कोहरे के मौसम में होने वाले हादसों को रोका जा सके।
