हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने एसएमडीए की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को दिए उचित दिशा-निर्देश
प्रदूषण को रोकने के लिए शहर की सडक़ों पर स्मॉग मशीन से पानी का छिडकाव करवाने के अलावा स्वीपिंग मशीन के साथ करवाएं लगातार सडक़ों की सफाई-डीएस ढेसी


-रिठाला-नरेला-कुण्डली तथा आरआरटीएस परियोजना से संबंधित कार्य में लाएं तेजी
-म्हारी सडक़ पोर्टल पर आने वाली शिकायतों पर तुरंत करें समाधान
सोनीपत, 30 दिसंबर। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी रिपोर्ट में यह सामने आया है कि मौजूदा समय पर हो रहे प्रदूषण का मुख्य कारण सडक़ों पर उठने वाले धूल कण भी हैं। इसलिए उन्होंने नगर निगम आयुक्त व अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शहर की प्रमुख एवं आंतरिक सडक़ों पर स्मॉग मशीन के माध्यम से नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव कराया जाए, ताकि हवा में मौजूद धूलकणों को नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा सडक़ों की निरंतर एवं प्रभावी सफाई के लिए स्वीपिंग मशीनों का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने सोनीपत शहरी विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहरों में चल रहे विकास कार्यों व भविष्य की अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रिठाला-नरेला-कुण्डली मैट्रो तथा आरआरटीएस परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें निर्देश दिए कि इससे संबंधित कार्य में तेजी से कार्य करें ताकि यह परियोजना निश्चित समय में पूरी हो सके। इसके अलावा परियोजना को लेकर जो भी समस्या आती है तो उनके समक्ष प्रस्तुत की जाएं ताकि तुरंत उसे दूर किया जा सके। इसके अलावा बैठक में बड़ी में बनने वाले आरआरटीएस डिपो को लेकर उन्होंने नगराधीश ने सभी जानकारी हासिल कर उन्हें निर्देश दिए कि डिपो के लिए उपलब्ध करवाने वाले जमीन से संबंधित कार्य को जल्द पूरा करवाएं।
बैठक में प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने म्हारी सडक़ पोर्टल की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकरियों को निर्देश दिए कि इस पोर्टल पर जो भी शिकायत मिले उसका तुरंत समाधान करवाएं ताकि लोगों को संडक़ों से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने शहर के मुख्य चौराहों के सौंदर्यकरण व शहर में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ इन सभी विकास कार्यों को निश्चित समय पर पूरा करवाएं।
उन्होंने रोडवेज जीएम से जीटी रोड़ पर बनने वाले बस स्टैण्ड की भी समीक्षा की, जिसपर जीएम रोडवेज ने बताया कि संबंधित जमीन की निशानदेही करवा दी गई है और बस स्टैण्ड को लेकर ड्राफ्ट रिपोर्ट तैयार किया जा रही है। जल्द ही कार्य शुरू करवाया जाएगा। इसके साथ ही श्री ढेसी ने बैठक में सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, मुख्य सडक़ें, जलापूर्ति, जिले के बुनियादी ढांचे का विकास, शहर के बीच से गुजरने वाली ड्रेन-6 के दूषित पानी को यमुना नदी में सीधे तौर पर प्रवेश पर रोकथाम के बारे में निर्देश दिए।
इस मौके पर एसएमडीए की सीईओ ए. मोना श्रीनिवास, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसीयूटी योगेश दिल्हौर, डीसीपी कुशाल सिंह, एचसीएस मीना हुड्डा, एसडीएम सुभाष चंद्र, नगराधीश डॉ० अनमोल, जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह, जीएम रोडवेज संजय कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे


