गच्छाधिपति मोनी बाबा निर्लेप आत्मा सेठ श्री प्रकाश चन्द जी महाराज का देवलोक को प्रस्थान
96.8 साल की उम्र में ब्रह्मलीन हुए गच्छाधिपति
गोहाना, 5 अगस्त : जैन धर्म के श्लाका पुरुष और गच्छाधिपति प्रकाश चंद जी महाराज नहीं रहे। वह 96.8 वर्ष के थे। उन्होंने गोहाना के वजीरपुरा गांव स्थित टी.पी.एस. पब्लिक स्कूल में मंगलवार की शाम को नश्वर देह त्याग दी। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को दिनभर श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए टी. पी. एस. स्कूल में ही रहेगा। उनकी अन्त्येष्टि गुरुवार को इसी स्कूल में होगी ।
गच्छाधिपति ने 23 मार्च 2016 को संलेखना प्रारंभ की थी। संलेखना को संथारा में मंगलवार की शाम 6.15 बजे परिवर्तित हुआ। उसके करीब आधे घंटे में प्रकाश चंद जी देवलोक के लिए प्रस्थान कर गए थे। उनके छोटे भाई भगवनश्री राम प्रसाद जी ने भी संथारा के माध्यम से इच्छा मृत्यु का वरण किया था। 18 जुलाई 2007 को उन्होंने भी आखिरी सांस गोहाना में ही ली थी। उनका निधन पुरानी अनाज मंडी स्थित जैन स्थानक में हुआ था।
भगवन श्री राम प्रसाद का अंतिम संस्कार भी टी.पी.एस. स्कूल में हुआ था। उसी स्थान पर अब उनका समाधि स्थल बना हुआ है। अब गच्छाधिपति प्रकाश चंद जी का दाह संस्कार भी इसी स्कूल में होगा। इसके लिए स्कूल के साथ खेत के मंच पर उनकी देह अग्नि के सुपुर्द होगी। इस के लिए गुरुवार को अंतिम यात्रा सुबह 10 बजे स्कूल से प्रारंभ होगी जो गोहाना शहर की परिक्रमा के बाद वापस स्कूल में पहुंचेगी।