सोनीपत में जिला स्तरीय तीज महोत्सव का भव्य आयोजन, सहकारिता मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा शामिल हूए बतौर मुख्य अतिथि, जिला के दस गांवों में सांस्कृतिक केंद्रों का किया उद्घाटन, कहा सांस्कृतिक केंद्रों से जुडक़र महिलाएं अगले वर्ष तीज के नए गीत तैयार करें
तीज केवल पर्व नहीं, हमारी सांस्कृतिक विरासत व नारीशक्ति के सम्मान का प्रतीक : डॉ. अरविंद शर्मा

सोनीपत, 28 जुलाई। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि तीज केवल पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। यह त्यौहार प्यार-प्रेम व हमारी संस्कृति से जुड़ा हुआ त्यौहार है। सावन की हरियाली और रिमझिम फुहारों के बीच जब महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों के साथ झूले डालती हैं, तो यह दृश्य हमारी मिट्टी की आत्मा को दर्शाता है। ऐसे में हरियाणा सरकार ने गांवों में जो सांस्कृतिक केंद्र शुरू किए हैं, उनसे जुडक़र महिलाएं नए-नए गीत व भजन तैयार करें और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दें।
सहकारिता मंत्री सोमवार को जिला परिषद हाल में जिला स्तरीय तीज महोत्सव में जिला के 10 गांवों में तैयार किए गए सांस्कृतिक केंद्रों का उद्घाटन करने के उपरांत संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनकी पत्नी रीटा शर्मा भी साथ मौजूद थी। अपने संबोधन में डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह सांस्कृतिक केंद्र हमारे गांवों की महिलाओं के लिए प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को संजोने के नजरिए से मील का पत्थर साबित होंगे। जिला में 30 गांवों में यह केंद्र बनाए जा रहे हैं और इनमें से 10 का कार्य पूर्ण होने उपरांत आज उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों की स्थापना महिलाओं की सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। इनमें से पांच केंद्रों का संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपा गया है, जो आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को सशक्त करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने तीज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक स्नेह और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिकता के साथ-साथ अपनी लोकसंस्कृति से भी जुड़े रहें और तीज जैसे पर्वों के माध्यम से अपनी जड़ों को पहचानें। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और सांस्कृतिक जागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वयं सहायता समूहों, पंचायती प्रतिनिधित्व, लखपति दीदी योजना, महिला स्वास्थ्य एवं सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को एक नई पहचान और शक्ति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में पिछले 10 वर्षों में 80 नए कालेज खोले गए जिनमें से 30 कालेज बेटियों के लिए हैं। 500 रुपये में गैस सिलेंडर व आयुष्मान योजना का जिक्र भी उन्होंने किया। उन्होंने कहा कि तीज जैसे पर्वों को भावनाओं, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के साथ मनाने से हम अपनी धरोहर को अगली पीढ़ी तक जीवित रख सकते हैं।
कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक झूले, लोकनृत्य, लोकगीत, मेंहदी प्रतियोगिता तथा पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी ने उपस्थित जनसमूह को लोकसंस्कृति के रंग में रंग दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भजन मंडली ने भी अपनी प्रस्तुती दी। इस आयोजन में विधायक निखिल मदान, मेयर राजीव जैन, गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, डीसी सुशील सारवान, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम गोहाना अंजलि क्षोत्रिया, सीटीएम डॉ. अनमोल, जिला परिषद सोनीपत की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण कुमारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिला स्वयं सहायता समूह की एक हजार महिलाओं को दी गई हरियाणा सरकार की तरफ से कोथली
इस अवसर पर हरियाणा सरकार की तरफ से जिला की एक हजार स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कोथली भी दी गई। इसके साथ ही तीज महोत्सव के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सर्वश्रेष्ठ स्वयं सहायता समूह का पहला ईनाम एक लाख रुपये कथूरा खंड के धनाना गांव के एकता महिला समूह को, दूसरा ईनाम 50 हजार रुपये मुरथल खंड के गांव जैनपुर के नारी महिला स्वयं सहायता समूह को, तीसरा ईनाम 25 हजार रुपये सोनीपत खंड के गांव जाजी के शेरावाली महिला स्वयं सहायता समूह को देकर सम्मानित किया। नाबार्ड के सहयोग से जिले में पहली ग्राम दुकान की चाबी भी कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा द्वारा एकता महिला कलस्टर फेडरेशन की महिलाओं को सौंपी गई। ग्राम दुकान में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बेचा जाएगा। पहली ग्राम दुकान ककरोई चौक पर शुरू की गई है।