लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर सोनीपत मे संगोष्ठी का आयोजन
नारी नेतृत्व, जनकल्याण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की प्रेरणास्रोत थीं अहिल्याबाई - विधायक निखिल मदान
सामाजिक न्याय और प्रशासनिक दक्षता की प्रतीक थीं माता – मेयर राजीव जैन
भारतीय संस्कृति की अद्वितीय प्रतीक थीं माता अहिल्याबाई – माईराम कौशिक
अनिल जिंदल, सोनीपत, 23 मई। मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आरंभ किए गए जन-जागरण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ऋषिकुल विद्यापीठ स्कूल में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके योगदान तथा उनके आदर्शों से अवगत करवाया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री निखिल मदान, नगर निगम मेयर श्री राजीव जैन तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री माईराम कौशिक ने माता अहिल्याबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि धर्म, नीति और लोककल्याण की प्रतिमूर्ति लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर नारी नेतृत्व, न्यायप्रियता और जनसेवा की अनुपम मिसाल थीं। उनका जीवन नेतृत्व, नारी सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के लिए आज भी प्रेरणास्रोत बना हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे भी माता अहिल्याबाई के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
मेयर राजीव जैन ने अपने संबोधन में कहा माता अहिल्याबाई ने सामाजिक न्याय, प्रशासनिक दक्षता और महिला सशक्तिकरण की एक अमिट छाप छोड़ी है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि दृढ़ निश्चय और सेवा भाव ही सच्चे नेतृत्व की पहचान हैं। यह आयोजन उनकी स्मृति को सम्मान देने की एक प्रेरणादायक पहल है।
भाजपा नेता माईराम कौशिक ने कहा अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति की अद्वितीय प्रतीक थीं। उन्होंने जीवन भर धर्म की पुनस्र्थापना, मंदिरों के पुनर्निर्माण और जनसेवा को अपना संकल्प बनाया। उनका जीवन सेवा, त्याग और सदाचार की मिसाल है, जो समाज को आज भी दिशा देता है। देश उनके योगदान को युगों-युगों तक स्मरण करता रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनिया मोर, मंडल अध्यक्ष नवीन मंगला सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।