केबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने चिटाना गांव में आयोजित विशाल दंगल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के साथ बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की
हरियाणा के प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रधानमंत्री मोदी के दिल के नजदीक : डॉ अरविंद शर्मा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विकास पुरूष, विकास की नहीं रहने देंगे कमी
सोनीपत, 4 अप्रैल। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जय जवान, जय किसान और जय पहलवान के साथ हरियाणा के खेलों और खिलाड़ियों की प्रतिभा को भरपूर मान-सम्मान करते हैं। हमें खुशी होनी चाहिए कि नेशनल गेम्स से लेकर ओलंपिक खेलों में अपनी धाक जमाने वाले हरियाणवीं खिलाड़ी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिल के नजदीक हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वो खेलों में अपनी प्रतिभा को निखारें, ताकि अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी धाक बने।
शुक्रवार शाम को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के साथ गांव चिटाना में आयोजित विशाल दंगल में भागीदारी की। ग्रामीणों व आसपास के गांवों के सरपंचों द्वारा दोनों अतिथियों का जोरदार स्वागत किया गया। अपने संबोधन में सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि वर्ष 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों को लेकर हरियाणा प्रदेश ने तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्तमान बजट में 20 करोड़ रुपए केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए आबंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विकास पुरूष हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बजट में किसान, गरीब कल्याण, महिलाओं, युवाओं, छोटे दुकानदारों समेत हर वर्ग के उत्थान को लेकर बजट आबंटित किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज भारत बदल रहा है। शिक्षा, खेल, समाज के हर क्षेत्र में हरियाणा के युवाओं की प्रतिभा देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के हर मंच पर धाक जमा रही है।
बॉक्स
शुक्रवार बाद दोपहर कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा मन्दिर श्री देवी जी चिट्टाने वाली माँ (सिद्धपीठ) कुलदेवी धाम पर पहुंचे और माता दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कुलदेवी माँ की पूजा की व इलाके वासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने इमली के प्राचीन पेड़ की भी पूजा की। उन्होंने माता के कमल वाले तालाब पर मिट्टी निकालने की परंपरा निभाई। इसके बाद प्रधान अनिल कुहाड़, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र लाकड़ा, सचिव नरेन्द्र वर्मा व भण्डारा प्रबंधक रणधीर सिंह रंगा आदि ने उनका अभिनन्दन किया।
इस अवसर पर भाजपा गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, सोनीपत भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, पूर्व जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, चिटाना सरपंच संजय, कैप्टन योगेश बैरागी, कर्म सिंह बेनीवाल, गोविंद कुहाड़, सुशील शास्त्री, काला पहलवान, रणबीर बड़वासनिया, संजय किलोई, विनोद सरपंच जुआं, पवन सरपंच माहरा, नरेंद्र सरपंच मोहाना आदि उपस्थित रहे।