Haryana Murder Case: फरीदाबाद में सूटकेस में मिला महिला का धड़, इलाके में फैली सनसनी
Haryana Murder Case: फरीदाबाद के मवई गांव के पास झाड़ियों में एक सूटकेस में महिला का धड़ मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बुधवार को इस मामले की जानकारी दी। घटना स्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने अनुमान लगाया कि यह घटना करीब एक हफ्ते पहले की हो सकती है। शव की हालत बेहद खराब बताई जा रही है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। यह मामला खेड़ी पुल थाना क्षेत्र का है, जहां स्थानीय लोगों ने बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी।
महिला के बाकी शरीर की तलाश जारी
पुलिस ने शव को बीके अस्पताल के मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। अब तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसके बाकी शरीर के हिस्सों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का मानना है कि महिला की उम्र 35 से 40 साल के बीच हो सकती है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस उपायुक्त (DCP) उषा देवी ने बताया, “सूटकेस में मिले धड़ की हालत बहुत खराब है। इसे यहां फेंके हुए लगभग एक हफ्ता हो चुका है। आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।”





मुंबई में भी मिला था महिला का सिर
ऐसा ही एक मामला कुछ दिन पहले मुंबई के विरार इलाके से सामने आया था, जहां 13 मार्च को पीरकुंडा दरगाह के पास झाड़ियों में पड़े एक सूटकेस से महिला का सिर बरामद किया गया था। मीरा-भायंदर वसई विरार पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत मंडवी पुलिस स्टेशन ने इस मामले की जांच की और मृतका की पहचान 51 वर्षीय उतपला हरीश हिप्परगी के रूप में की। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और मुंबई में रह रही थी।
पति निकला हत्यारा, 24 घंटे में हुआ खुलासा
इस मामले की गहराई से जांच करने के बाद पुलिस को पता चला कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी पति ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। मंडवी पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। अब हरियाणा पुलिस भी फरीदाबाद में मिले शव के मामले की जांच तेज कर रही है और जल्द ही हत्यारे तक पहुंचने का दावा कर रही है।