हरियाणा नगर निकाय चुनाव: भाजपा की प्रचंड जीत से पीएम मोदी और अमित शाह गदगद, सीएम सैनी की जमकर तारीफ की

चंडीगढ़, हरियाणा विधानसभा चुनाव के पांच महीने के बाद हुए निकाय चुनाव में एकतरफा जीत का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दिया जा रहा है। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस जीत के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी को सूत्रधार बताया है। पीएम मोदी और अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर सीएम नायब सैनी को बधाई देते हुए प्रदेश की जनता का आभार भी जताया है।
प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश के लिए मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार। यह जीत राज्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही सरकार के विकास कार्यों के प्रति जनता के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। मोदी ने कहा कि मैं प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इस महाविजय के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम की बड़ी भूमिका रही है, जिसके लिए उनकी दिल से सराहना करता हूं।
हरियाणा को सिर्फ मोदी पर विश्वास
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत के बाद नगर निगम और नगर निकाय चुनावों में भी भाजपा को हरियाणा की जनता ने अपना आशीर्वाद दिया है। इसके लिए प्रदेश के लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा, वार्ड से लेकर विधानसभा और पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। अमित शाह ने कहा कि इस जीत के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।