गोहाना व राई क्षेत्र में बिजली निगम के ट्रांसफार्मर चोरों के निशाने पर, अज्ञात चोरों ने लगाया 2 लाख रुपए का चूना

गोहाना :-26 फरवरी, सोनीपत जिले में बिजली के ट्रांसफार्मर चोरों के निशाने पर हैं। गोहाना व राई क्षेत्र में बिजली निगम को करीब 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।गोहाना में बिजली निगम के जेई सूर्यबीर ने बताया कि गांव भैंसवान खुर्द में अज्ञात चोरों ने 10 केवीए के ट्रांसफार्मर से तेल और क्वायल चोरी कर बिजली निगम को लगभग 50,000 रुपए का चूना लगा दिया। यह वारदात 23-24 फरवरी की रात को हुई। चोरी का शिकार हुआ ट्रांसफार्मर रामफल का था। निगम की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
अज्ञात चोरों ने यहां एक 10 केवीए और दूसरा 63 KVA के ट्रांसफार्मर से तेल और क्वायल चुरा लिए। इससे बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। पुलिस ने अलग अलग थानों में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ राई क्षेत्र के गांव गांव अटेरना में बीती रात अज्ञात चोरों ने 63 KVA का ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया। इससे बिजली निगम को लगभग 1 लाख 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। इस ट्रांसफार्मर से तीन बिजली कनेक्शन जुड़े हुए थे, जिसके कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
बिजली निगम राई के उपमंडल अधिकारी रविंद्र पवार ने बताया कि चोरी 24 फरवरी की रात को हुई। थाना कुंडली में भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं और चोरों को पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्र में छापेमारी की जा रही है।