केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ गेटवे आफ विकसित भारत का कैबिनेट मंत्री ने किया अवलोकन, अंतरिक्ष ही नहीं, दुनिया के हर कोने में भारतीय उपलब्धियों में बढ़ रहा हरियाणा का योगदान: डॉ अरविंद शर्मा
भारतीय प्रवासियों को सर्वोत्तम अनुकूल माहौल देने में आगे रहेगा हरियाणा, खेल, शिक्षा, उद्योग में शानदार परिणाम से बढ़ रही है हरियाणा की ताकत
कैबिनेट मंत्री बोले, चंद्रयान से लेकर सेना, स्वास्थ्य क्षेत्र व वाहन निर्माण क्षेत्र में हरियाणवीं नट-बोल्ट के इस्तेमाल से बढ़ रही है प्रदेश की ताकत
चंडीगढ़, 10 जनवरी। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि अंतरिक्ष से लेकर दुनिया भर में भारतीय उपलब्धियों में हरियाणा का योगदान निरन्तर बढ़ रहा है। दुनिया के आधे से अधिक देशों में हरियाणवीं उत्पादों का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चंद्रयान से लेकर सेना, स्वास्थ्य क्षेत्र व वाहन निर्माण क्षेत्र में हरियाणवीं नट-बोल्ट के इस्तेमाल से प्रदेश की ताकत बढ़ रही है। उन्होंने भारतीय प्रवासियों से आह्वान किया कि हरियाणा उनके स्वागत के लिए सर्वोत्तम अनुकूल माहौल के साथ तत्पर है।
भुवनेश्वर, ओडिशा में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के तीसरे दिन हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ गेटवे आफ विकसित भारत प्रदर्शनी का अवलोकन किया व विदेश मंत्री एस जयशंकर के सत्र नारी शक्ति व प्रवासी महिलाओं के प्रभाव का उत्सव व संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सत्र अपनेपन और सांस्कृतिक संवाद की कहानियां में भागीदारी की। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भारतीय प्रवासियों से संवाद के दौरान बताया कि अंतरिक्ष मे भारतीय तिरंगे का डंका बजाने वाले चंद्रयान 3 में रोहतक के नट-बोल्ट लगे हुए थे। यही नहीं, चाहे मेट्रो उपकरणों की बात हो या मेडिकल मशीनों में उपयोग होने वाले नट-बोल्ट का सबसे बड़ा उत्पादक हरियाणा है। इसके अलावा उन्होंने सहकारिता का जिक्र करते हुए बताया कि मलेशिया, आबू धाबी सहित कई देशों में हैफेड उत्पाद निर्यात किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल, शिक्षा, उद्योग में शानदार परिणाम देते हुए हरियाणा की ताकत निरन्तर बढ़ रही है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ गेटवे आफ विकसित भारत का किया अवलोकन
हरियाणा के विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने 18वें प्रवासी भारतीय दिवस के तीसरे दिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व ओडिशा मंत्रिमंडल से सदस्यों के साथ गेटवे आफ विकसित भारत का अवलोकन किया। इसमें समाहित चार प्रदर्शनियों में सबसे पहली विश्वरूप राम पर आधारित प्रदर्शनी रही, जिसमें रामायण की सार्वभौमिक विरासत में पारम्परिक व समकालीन कला रूपों के माध्यम से महाकाव्य का अवलोकन किया। इसी प्रकार दूसरी प्रदर्शनी में दुनिया में प्रौद्योगिकी के विकास में भारतीय प्रवासियों के योगदान को बेहतरीन तरीके से दर्शाया गया। भारत की धरती से विश्व में फैले भारतीय प्रवासियों के प्रसार और विकास के दुर्लभ दस्तावेज पर आधारित प्रदर्शनी में विकास यात्रा गौरान्वित करने वाली रही। इसी प्रकार चौथी प्रदर्शनी में ओडिशा की समृद्ध विरासत व सांस्कृतिक परंपराओं पर उल्लेखनीय व ज्ञानवर्धक जानकारी सांझा की गई थी।
38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले का होगा भव्य आयोजन
विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भारतीय प्रवासियों से संवाद करते हुए बताया कि हरियाणा द्वारा दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 7 फरवरी से 23 फरवरी तक 38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसमें अंतरराष्ट्रीय सहयोगी के तौर पर बिम्सटेक बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका व थाईलैंड एवं राज्य सहयोगी के तौर पर ओडिशा व मध्यप्रदेश भागीदारी करेंगे। नार्थ ईस्ट हैंडलूम एन्ड हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन सांस्कृतिक भागीदार के तौर पर अंतरराष्ट्रीय मेले से जुड़ेगी। यह मेला हरियाणा की संस्कृति और विरासत को अंतरराष्ट्रीय पटल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसलिए भारतीय प्रवासी इससे जुड़कर भी न केवल अपनी जड़ों को मजबूत कर सकते हैं, अपितु अपने व्यापारिक व आर्थिक लक्ष्यों को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।