भाजपा ने संगठनात्मक चुनाव के लिए रोहतक के नागेंद्र शर्मा को प्रदेश सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किया, कार्यकर्ताओं में उत्साह

रोहतक :16 दिसंबर 2024 भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने संगठनात्मक चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव अधिकारी और सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के लक्ष्मण से विचार विमर्श करके भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। उनके साथ रोहतक के रहने वाले भाजपा नेता नागेंद्र शर्मा को प्रदेश सह चुनाव अधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अमरनाथ सौदा और बिजेन्द्र नेहरा को भी प्रदेश सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। रोहतक के नागेंद्र शर्मा को प्रदेश सह चुनाव अधिकारी नियुक्त करने पर उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। सभी ने रोहतक को जिम्मेदारी देने पर पार्टी नेतृत्व का आभार भी जताया। सह चुनाव अधिकारी नियुक्त होने के बाद नागेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्हें पार्टी संगठन ने समय-समय पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी हैं। विधानसभा चुनाव हों या लोकसभा चुनाव उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया। अब फिर भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने विश्वास जताया और उन्हें पार्टी के संगठनात्मक चुनाव के लिए सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। नागेंद्र शर्मा ने कहा कि इस नियुक्ति के लिए भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट करते हैं और विश्वास दिलाते हैं कि जो भी ड्यूटी लई गई है, उस पर खरा उतरेंगे।



