चिकित्सक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ धर्मबीर सिंह नांदल ने गोहाना को जिला बनाने के साथ नाम बदलने की रखी मांग, गौग्राम हो नया नाम

गोहाना :-7 दिसम्बर : शनिवार को गोहाना के वरिष्ठ भाजपा नेता तथा वर्तमान में चिकित्सक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. धर्मबीर सिंह नांदल ने कहा कि गोहाना को जिला बनाने के साथ सरकार को गोहाना का नाम भी बदल देना चाहिए। उन्होंने नए नाम के रूप में गौग्राम नाम सुझाया है। अब तक गोहाना को जिला बनाए जाने की मांग उठती रही है। परन्तु अब गोहाना का नाम बदलने की मांग भी उठी है।
गोहाना को 1826 में ब्रिटिश शासन ने तहसील का दर्जा दिया था। 198 साल पुरानी तहसील के रूप में गोहाना को जिला बनाने की मांग बहुत लंबे अरसे से हो रही है। गोहाना से पुराने तहसील मुख्यालय जिला बना दिए गए, लेकिन गोहाना की किसी भी सरकार ने सुध नहीं ली |
गोहाना हलके के सर्वप्रथम भाजपा विधायक और प्रदेश के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा चुनाव प्रचार में जोर-शोर से वायदा करते रहे कि प्रदेश में पुन: भाजपा सरकार बनने पर 6 महीने के भीतर गोहाना को जिला बना दिया जाएगा। जीतने के बाद भी डॉ. शर्मा अपने वायदे पर कायम हैं तथा वह बार-बार दोहरा रहे हैं कि गोहाना को जिला बनाने सहित सब चुनावी वायदे जल्दी से जल्दी पूरे करवा दिए जाएंगे।
इसी कड़ी में शनिवार को भाजपा के चिकित्सक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक तथा पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. धर्मबीर सिंह नांदल ने एक और अहम मांग अपनी ही सरकार से की है। उनका सुझाव है कि गोहाना को जिला बनाने के साथ गोहाना का नाम भी साथ में बदल दिया जाना चाहिए।
डॉ. नांदल का कहना है कि गोहाना में आदिकाल से गायों के प्रति श्रद्धा रही है। इस का प्रमाण जगह-जगह खुली गौशालाओं के रूप में सबके सामने है। उनके अनुसार गोहाना का नाम गौ हनन से बना है। इस शब्द का समय के साथ नाम बिगड़ कर गोहाना हो जाने का उल्लेख है।
भाजपा चिकित्सक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ने सी.एम. नायब सिंह सैनी और सहकारिता व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा से प्रबल मांग की कि सरकार गोहाना का नाम बदल कर गौग्राम करने पर गंभीरतापूर्वक मंथन करे तथा नया जिला बनाने के साथ नए नाम की सौगात भी दी जाए।



