गोहाना की नई अनाज मंडी में धान की आवक तेज होने से लगा जाम

गोहाना :-12 नवंबर : गोहाना के जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में मंगलवार को धान की आवक तेज हो गई है। किसान मंडी में जल्दी घुसने के लिए तड़के ही अनाज मंडी पहुंच रहे हैं। मंडी की तरफ रोड पर ट्रैक्टर खड़े होने से जींद रोड पर जाम लग जाता है। मंडी के बाहर करीब तीन से चार घंटे तक जाम लगा रहा और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गोहाना स्थित नई अनाज मंडी में रोजाना धान की आवक 70 हजार क्विंटल से अधिक है, जबकि उठान केवल 70 से 80 हजार बैग (50 किलो) है। कम मात्रा में उठान होती है, जिसके कारण मंडी को बंद करके भी उठान कराई जाती है। इसके चलते ही मंडी को रविवार को बंद किया गया था।
मंगलवार को किसान तड़के ही खरीद के लिए फसल लेकर अनाज मंडी पहुंच गए थे, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। राहगीर विपरीत दिशा से आवागमन करते हैं। इससे जाम की स्थिति हो जाती है। पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, बावजूद इसके जींद रोड पर फ्लाईओवर से राम शरणम् आश्रम तक जाम लगा रहा।
मंडी में धान की फसल बेचने के लिए धान मण्डी में लाने वाले किसानों को सुबह 6 बजे टोकन मिलना शुरू हो जाता है। दोपहर 3 बजे खरीद बंद कर दी जाती है। मार्केट कमेटी ने सभी आढ़तियों को निर्देश दिए हैं कि धान की फसल की ढेरी लगाने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली को बाहर निकलवाया जाए, ताकि मंडी में जाम की स्थिति न बन सके और आवाजाही सामान्य रह सके। नई अनाज मंडी में अब तक 12 लाख क्विंटल धान की आवक हो चुकी है।
नई अनाज मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ रही है, जिससे जाम की स्थिति को सुधारने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। रोजाना 70 हजार लाख क्विंटल से अधिक धान की आवक हो रही है।
-सुरेश, सचिव, मार्केट कमेटी, गोहाना।