मुख्य गुरुद्वारे द्वारा आयोजित नगर कीर्तन से गोहाना हुआ गुरुमय


गोहाना :-10 नवम्बर : सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की जयंती गुरु पर्व के उपलक्ष्य में शहर की पुरानी सब्जी मंडी के समीप स्थित मुख्य गुरुद्वारे द्वारा आयोजित नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस नगर कीर्तन का पूरे शहर में जगह-जगह भव्य अभिनंदन किया गया। दोपहर के समय लक्ष्मी नगर में लंगर की व्यवस्था की गई थी। नगर कीर्तन की अध्यक्षता मुख्य गुरुद्वारे के अध्यक्ष सरदार काबुल सिंह ने की। मुख्यातिथि गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी और उनके पति इंद्रजीत विरमानी थे |विशिष्ट अतिथि प्रख्यात उद्योगपति हरीश परुथी थे। विरमानी दम्पति और परुथी ने मुख्य गुरुद्वारे से संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर नगर कीर्तन को रवाना किया।
नगर कीर्तन का संयोजन डॉ. सुरेश सेतिया, सोमनाथ चावला, पंकज सिंह, सन्नी सिंह, हर भगवान चोपड़ा, हरीश हंस, केसर दास, जगदीश चिंदा, ब्रज लाल हंस, दीपक चावला, सूरज हंस और बंटी हंस की टीम ने किया। मार्गदर्शन गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी भाई रणजीत सिंह का रहा।
नगर कीर्तन में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी एक खुले वाहन पर बनी पालकी में विराजमान थे। पालकी की विभिन्न सेवाएं सरदार अजीत सिंह चावला, सरदार गुरुचरण सिंह और राम नाथ हंस कर रहे थे। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का वंदन करने वाले प्रत्येक नागरिक को प्रसाद प्रदान किया गया।
पंच प्यारे की भूमिका कर्णजीत सिंह, रघुबीर सिंह, देवेंद्र सिंह, जसबीर सिंह और आर्यन जीत सिंह ने निभाई। निशान साहिब जी की सेवा सरदार सतनाम सिंह ने की। गतका पार्टी रोहतक की गगन एंड पार्टी की थी। गतका पार्टी ने जगह-जगह दिल दहलाने वाले रोमांचक खेल प्रस्तुत किए। नगर कीर्तन के पूरे रास्ते पर महिला श्रद्धालु झाडू लगाते और पानी का छिड़काव करते हुए चल रही थीं। नगर कीर्तन के लिए लक्ष्मी नगर में खुले लंगर का प्रबंध हरीश परुथी, विक्की बजाज और गौरव बजाज ने किया।



