घमंड करने वालों व अंहकारियों की मरोड़ निकाल देती है प्रदेश की जनता: डॉ. अरविंद शर्मा
प्रदेश में डीएपी की कोई कमी नहीं है, मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे हैं निगरानी, अधिकारियों को दिए गए है कडे़ निर्देश



गोहाना : 10 नवंबर : प्रदेश के सहकारिता, जेल और पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस सांसद कहते फिरते थे कि वो हरियाणा के प्रधान है, अब तो उन्हें पता चल गया होगा कि प्रदेश की जनता घमंड व अंहकार करने वालों की किस तरह से मरोड़ निकाल देती है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गोहाना की जनता को जल्द ही बडे प्रोजेक्ट की सौगात मिलेगी और विकास के मामले में गोहाना एक नंबर पर होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में डीएपी की कोई कमी नहीं है, मुख्यमंत्री नायब सैनी स्वयं निगरानी रखे हुए है और अधिकारियों इस बारे में उचित दिशा-निर्देश दिये गए है कि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
रविवार को कैबिनेट मंत्री ने गोहाना में कई कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने सोनीपत रोड से पानीपत रोड के सौंदर्यीकरण का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने गुरुद्वारा सिंह सभा द्वार का अनावरण भी किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अब एक तरह से कांग्रेस का आधार खत्म हो चुका है और अब हरियाणा में भाजपा की सरकार लंबे समय तक रहेगी। उन्होंने कहा कि डीएपी के नाम पर कांग्रेस किसानों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। डीएपी मामले को लेकर मुख्यमंत्री स्वयं निगरानी रखे हुए है और किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
विकास के मामले में गोहाना होगा नंबर एक
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि विकास कार्यो को लेकर कोई कोर कसर नहीं छोडी जाएगी, जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठक कर गोहाना के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक विधायक रहने के बावजूद पूर्व कांग्रेस विधायक जगबीर मलिक ने विकास को लेकर भी क्षेत्र वासियों की सुध ही नहीं ली, बस उन्होंने केवल जातिगत राजनीति की है।
सारी उम्र रहूंगा गोहाना की जनता की ऋणी
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गोहाना की जनता ने जो आर्शीवाद दिया है, सारी उम्र क्षेत्र की जनता का ऋणी रहूंगा और हर सुख व दुख में जनता के साथ खड़ा हूं। लोगों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरुरत नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि आमजन के कामों को पूरी कर्तव्य परायणता के साथ किया जाए, यदि किसी अधिकारी द्वारा किसी नागरिक को परेशान करने की जानकारी मिली तो संबंधित अधिकारी कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहे।
चुनाव के दौरान किये गए सभी वायदों को पूरा करेगी सरकार
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किये गए सभी वायदों को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस ने तो हमेशा ही झूठ का सहारा लिया, लेकिन प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के झूठ को पूरी तरह से नकार दिया है और अब कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष रजनी विरमानी, इंद्रजीत विरमानी, बलराम कौशिक, सुमित कक्कड़, भूपेंद्र मुदगिल, जयदेव देशवाल, सरदार कबूल सिंह, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी निशा शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



