बी.पी.एस.महिला विश्वविद्यालय में हरियाली तीज का लोक पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया
डिजिटल युग में धूमिल होती जा रही है हमारी पुरातन संस्कृति : प्रो. सुदेश
गोहाना/ 6 अगस्त:हरियाली तीज का लोक पर्व मंगलवार को बी.पी.एस.महिला विश्वविद्यालय में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया।महिला विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के तत्वावधान में तीज पर्व पर शानदार हरियाणवी व्यंजनों की बहार, झूले झूलने की मस्ती तथा गीत-संगीत-नृत्य का समागम रहा ।
महिला विश्वविद्यालय के केंद्रीय उद्यान में आयोजित तीज महोत्सव में वी.सी. प्रो सुदेश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रो सुदेश ने कहा कि भारत उत्सवों-त्योहारों का देश है । यह सभी पर्व-त्योहार सामाजिक सद्भाव, अमन-शांति-भाईचारा का संदेश समाज व देश को देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में हमारी पुरातन संस्कृति धूमिल होती जा रही है, जिसे संरक्षित किए जाने की जरूरत है। विश्वविद्यालय के शैक्षणिक खंड- 1 स्थित संस्कारम सभागार में मेहंदी तथा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की निर्णायक डॉ प्रिया धींगड़ा ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता में प्रीति ने प्रथम, आशिका ने दूसरा तथा अंजलि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। रितु को सांत्वना पुरस्कार मिला वहीं, नृत्य प्रतियोगिता में फ्लोरेंस ने प्रथम, हर्षिता ने दूसरा तथा तान्शी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मुस्कान को सांत्वना पुरस्कार मिला।


