गोहाना की ड्रेन नंबर 8 के बाईपास का नाम कर्पूरी ठाकुर मार्ग रखा

गोहाना :-4 जुलाई : ड्रेन नंबर 8 पर रोहतक रोड को सोनीपत रोड और पानीपत रोड से जोड़ने वाले नए बाईपास का नामकरण भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर मार्ग किया गया है। नामकरण के शिलापट्ट का अनावरण गुरुवार को शहर की नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने किया।
श्री सैन भगत सभा के तत्वावधान में हुए नामकरण समारोह की अध्यक्षता 52 परगना के अध्यक्ष दिलबाग बाजवान ने की। नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को नमन करते हुए कहा कि दो बार बिहार के सी.एम. रहे कर्पूरी ठाकुर न केवल राजनीतिज्ञ अपितु स्वाधीनता सेनानी और शिक्षक भी थे। उन्होंने कहा कि सैन समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए तथा इस समाज की मांग पर बाईपास का नामकरण कर्पूरी ठाकुर मार्ग किया गया है । इस अवसर पर चेयरपर्सन के पति और भाजपा दिग्गज इंद्रजीत विरमानी के साथ मेजबान सभा के अध्यक्ष डॉ. सुभाष सैन, पार्षद जगदीश राय मदीना और पार्षद राजेश सैन के साथ रामफल मुंडलाना, भीम सिंह, महेंद्र चिड़ाना, वीरेंद्र ठेकेदार, धर्मबीर सैन, सूरजभान, राम दिया आदि भी मौजूद रहे।
