सी.एम. नायब सैनी की हाजिरी में डॉ. राम मेहर राठी भाजपा में शामिल
गोहाना :-22 जून : शनिवार को जननायक जनता पार्टी के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की सोनीपत जिला इकाई के जिला अध्यक्ष डॉ. राम मेहर राठी सी. एम. नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। स्वयं सी. एम. ने भाजपा का पटका पहना कर डॉ. राठी को भाजपा ज्वाइन करवाई । डॉ. राम मेहर राठी लंबे समय तक इनेलो और बाद में जजपा में रहे। वह इनेलो में कथूरा खंड अध्यक्ष के साथ बरोदा हलका इनेलो के प्रवक्ता भी रहे । जजपा बनने पर जब डॉ. राम मेहर राठी ने इनेलो से किनारा कर लिया, तब उन्हें जजपा में भी बरोदा हलके प्रवक्ता की समान जिम्मेदारी दी गई। बाद में डॉ. राठी को बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। उनका पैतृक गांव धनाना है। डॉ. राम मेहर राठी भाजपा में सम्मिलित होने वाले जजपा के दूसरे दिग्गज नेता हैं। उनसे पहले जजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र मलिक, जिन्हें लोकसभा चुनाव में सोनीपत सीट से प्रत्याशी बनाया गया था, ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।



