बरोदा हलके के विधायक ने कहा : इंडिया गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए था, सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
गोहाना :-15 जून : इंडिया गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए था। विधानसभा चुनाव किसी भी पार्टी से कोई गठबंधन नहीं होगा । कांग्रेस सभी 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी । शनिवार को यह टिप्पणी बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा दो अंकों में भी नहीं पहुंच पाएगी तथा कांग्रेस 80 से ज्यादा सीटों के साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में सरकार बनाएगी । इंदुराज नरवाल शहर में नए बस स्टैंड के निकट स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे । उन्होंने कहा कि प्रदेश में केवल एक नेता है जिसकी जुबान पर जनता भरोसा करती है कि वह जो कह देगा, कर देगा। उन्हीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी ।
बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक ने कहा कि हुड्डा ने लोकसभा चुनाव में हाफ, विधानसभा चुनाव में भाजपा साफ का नारा दिया है और यह नारा भाजपा के प्रति समाज के सब वर्गों की भारी नाराजगी के चलते हकीकत में बदल कर रहेगा।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि हालांकि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान ने अब की बार 70 पर हुड्डा सरकार का उद्घोष किया है, लेकिन उनका विश्वास है कि कांग्रेस इस बार 80 को पार करेगी तथा भाजपा ठीक वैसे दो अंकों में पहुंचने के लिए तरस जाएगी जैसे 2005 क. विधानसभा चुनाव में इनेलो पार्टी 9 विधायकों तक सिमट गई थी ।
इंदुराज नरवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सब-कमेटियों का गठन कर दिया है। ये सब-कमेटी अलग-अलग मुद्दों पर आम जनता की पसंद जानेंगी तथा उसके आधार पर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र तैयार होगा। यह चुनाव घोषणा पत्र कांग्रेस का न हो कर जनता का होगा । इस घोषणा पत्र में वे सब बातें शामिल की जाएंगी जो पब्लिक चाहेगी।



