भीतरघात के लिए बीजेपी के प्रत्याशी मोहन लाल बडौली ने अपने ही नेताओं को कटघरे में खड़ा किया
बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक बोले : भाजपा प्रत्याशी ने मान ली हार
गोहाना :-30 मई : गोहाना हलके और बरोदा हलके के कार्यकर्ताओं से चुनाव की फीड बैक लेने आए भाजपा प्रत्याशी मोहन लाल बड़ौली ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को भीतरघात के आरोप में कटघरे में खड़ा कर दिया। बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदराज नरवाल ने इस पर त्वरित प्रतिक्रिया में कहा कि सोनीपत लोकसभा सीट के प्रत्याशी ने औरों पर अंगुली उठा कर अपनी हार मान ली है।
सोनीपत लोकसभा सीट की 9 विधानसभा सीटों पर मतदान 25 मई को हुआ। इनमें सोनीपत जिले की 6 और जींद जिले की 3 सीटें हैं। वोटों की गिनती 4 जून को होनी है। उससे पहले भाजपा प्रत्याशी प्रत्येक विधानसभा सीट के पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहे हैं। उनके अनुसार इस फीडबैक को ऊपर भेजा जाएगा।
मोहन लाल बडौली गोहाना हलके के कार्यकर्ताओं से गोहाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र आर्य के निवास और बरोदा हलके के कार्यकर्ताओं से गोहाना खरखौदा मार्ग पर स्थित भाजपा के प्रदेश सचिव पं. उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा संग खुल कर चर्चा की। उन्होंने इस चुनाव में कार्यकर्ताओं की दिन-रात की कड़ी मेहनत के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए संसदीय सीट के भाजपा प्रत्याशी ने स्वीकार किया कि वह भीतरघात के शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा से धोखा करने वालों पर समय पर एक्शन होगा, उन्हें समय पर भुगतान करना होगा। उनके अनुसार ऐसे लोग कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहे। मोहन लाल बड़ौली कहने से नहीं चके कि भीतरघात करने वालों में सांसद भी हैं, विधायक भी हैं, अधिकारी भी हैं। उनके अनुसार उनके पास कुछ ऑडियो-वीडियो भी आए हैं, हालांकि उन्होंने उन्हें अभी देखा नहीं है। लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें दिखाया और कुछ पत्रकारों ने उन्हें सुनाया है।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि प्रदेश के सी. एम. और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने उन्हें विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू हो कर पूरी जानकारी जुटाने के लिए कहा है। कार्यकर्ता जो भी फीडबैक देंगे, उससे हाईकमान को अवगत करवा दिया जाएगा।
उधर, बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने कहा कि हम तो पहले से कह रहे थे कि गुटबाजी कांग्रेस में नहीं, भाजपा मैं है। कांग्रेस ने एकजुट हो कर चुनाव लड़ा। बड़ौली के आरोपों से साबित हो गया कि भाजपा में बड़े पैमाने पर गुटबाजी है। इंदुराज नरवाल ने कहा कि अपनी ही पार्टी के नेताओं पर आरोप लगा कर मोहन लाल बड़ौली ने स्वीकार कर लिया कि वह चुनाव हार रहे हैं। जो चुनाव हार रहा होता है, वहीं दूसरों की तरफ इशारा करता है कि इसने मुझे वोट नहीं दिया, इसने मेरी पीठ में छुरा घोंपा । कांग्रेस विधायक ने भाजपा प्रत्याशी को नसीहत दी कि वह अपने अंदर झांकें कि उनमें क्या कमी रही जो वह अपने हक में वोट नहीं डलवा पाए ।
भीतरघात के लिए बडौली ने अपने ही नेताओं को कटघरे में खड़ा किया
बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक बोले : भाजपा प्रत्याशी ने मान ली हार



