सबसे मजबूत मानने वाली कांग्रेस को भी पड़ ही गई जरूरत गठबंधन की बैसाखियों की : दुष्यंत
डिप्टी सी. एम. ने कहा : हिमाचल प्रदेश ने साबित कर दिया-कांग्रेस में अंदरखाते है भारी फूट
गोहाना :-29 फरवरी गुरुवार को प्रदेश के डिप्टी सी. एम. दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस पार्टी पर करारे सियासी प्रहार किए। उन्होंने व्यंग्य किया कि जो कांग्रेस कल तक खुद को सबसे मजबूत पार्टी बताती नहीं थकती थी, उसे ही अब आम आदमी पार्टी के गठबंधन की बैसाखी की जरूरत पड़ गई। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस में अंदरखाते भी भारी फूट है। दुष्यंत ने दावा किया कि लोकसभा चुनावों में पूरे देश से कांग्रेस का सफाया हो जाएगा।
दुष्यंत चौटाला गोहाना शहर के विकास नगर में रिटायर्ड हेडमास्टर कर्ण सिंह कुंडू की पुत्रवधू सुमन कुंडू पत्नी संदीप कुंडू तथा गांव खानपुर कलां में जजपा नेता बलजीत सिंह मलिक के पिता धर्मे चंद मलिक के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए आए थे। वह गोहाना- सोनीपत मार्ग पर स्थित शेर सिंह पब्लिक स्कूल में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरे तथा पत्रकारों से मुखातिब हुए। इस अवसर पर उनके साथ जजपा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ.के.सी. बांगड़ भी थे।
बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक स्व. नफे सिंह राठी के परिवार को दोबारा धमकी मिलने के बारे में डिप्टी सी. एम. दुष्यंत चौटाला ने कहा कि परिवार को पहले ही पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध करवा दी गई है। झज्जर पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि मामले की पूरी तरह से मॉनिटरिंग करें। डिप्टी सी. एम. ने दावा किया कि जांच का काम पहले ही सी.बी.आई. के सुपुर्द कर दिया गया है।
दुष्यंत सिंह चौटाला ने कहा कि नए बजट में दस हजार एकड़ भूमि के अधिग्रहण का प्रोविजन किया गया है। इस भूमि का प्रयोग हवाई पट्टी के निर्माण, इंडस्ट्रियल एरिया
को डिवेलप करने और भिन्न विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर सुमित राणा, कुलदीप मलिक, संदीप भनवाला, सुरेन्द्र मलिक, रजनी मलिक, डॉ. राम मेहर राठी, अशोक मोर आदि भी मौजूद रहे।



