गोहाना पुलिस जिला की डी. सी. पी. ने बैंक मैनेजरों, ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप संचालकों को दी हिदायत
हाई रेजोल्यूशन के कैमरों का अंदर के साथ बाहर भी हो फोकस
गोहाना :-12 दिसम्बर : बैंकों, ज्वेलरी की शॉप्स और पेट्रोल पंपों पर सी.सी.टी.वी. के हाई रेजोल्यूशन के कैमरे लगवाएं। कैमरों का फोकस अंदर के साथ बाहर भी हो ताकि कोई गड़बड़ होने पर आरोपी आसानी से दबोचे जा सकें।
मंगलवार को यह हिदायत गोहाना पुलिस जिला की डी. सी. पी. भारती डबास ने दिया। वह अपने कार्यालय में बैंकों के मैनेजरों, ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप संचालकों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रही थीं। यह बैठक वारदातों में बढ़ौत्तरी पर अंकुश के मद्देनजर आहूत की गई।
भारती डबास ने कहा कि सी.सी.टी.वी. की डी.वी.आर. को सरक्षित जगह रखें। यह व्यवस्था करें कि ज्यादा से ज्यादा समय की रिकॉर्डिंग सेव रहे। अपने सुरक्षा मानकों की समय-समय पर नियमित रूप से जांच करते रहें तथा उन्हें पूरी तरह से चाक-चौबंद रखें।
डी.सी.पी. ने कहा कि बैंक, ज्वेलरी शॉप्स और पेट्रोल पंपों पर ज्यादा कैश कभी न रखें। कैश की सेफ की चाबी केवल संचालक के पास होनी चाहिए। कैश को लाने-ले जाने में कोई कोताही न बरतें। कैश ट्रांसफर करते समय अपने साथ पर्याप्त सुरक्षा कर्मी रखें तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता भी लें।
उन्होंने जोर दिया कि जो सिक्योरिटी गार्ड रखें, वे फिजिकल रूप से फिट हों। बैंकों का अलार्म सिस्टम दुरुस्त हो। बैंकों में जहां कैश रखने की व्यवस्था हो, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिएं। ए. टी. एम. में कैश को निर्धारित समय पर ही लोड करें।
डी.सी.पी. ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति बिना कारण बैंक, ज्वेलरी शॉप या पेट्रोल पंप के इर्द-गिर्द मंडराता हुआ नजर आता है, उसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर दें। अनावश्यक बैठने या घूमने वालों पर नजर रखें।
भारती डबास ने कहा कि अपने पास नजदीकी थाने और पुलिस चौकी का संपर्क नंबर अवश्य रखें। कोई भी एमरजेंसी हो, पुलिस से बेझिझक संपर्क करें। पुलिस टीमों को सुरक्षा के लिए समय-समय पर गश्त करने के लिए कहा गया है।
