प्रत्येक पीड़ित की शिकायत तुरंत दर्ज कर, गिरफ्तारियां पारदर्शिता से करें- DCP गोहाना

गोहाना :-26 नवम्बर : गोहाना पुलिस जिले की डी.सी.पी. भारती डबास ने आदेश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की शिकायत तुरंत दर्ज की जाए तथा आरोपियों की गिरफ्तारियां पूरी पारदर्शिता से की जाएं।
भारती डबास पर्यवेक्षण अधिकारियों, थानाध्यक्षों और यूनिट प्रभारियों को गोहाना में अपराध पर नियंत्रण के लिए निर्देश दे रही थीं। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध पर अंकुश लगाएगा तथा कानून और व्यवस्था को अतिरिक्त बेहतर बनाएँगी।
डी.सी.पी. ने कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि महिलाओं पर होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई बिना किसी देरी के हो ताकि महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने ग्राम प्रहरियों को अपराध और अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए भी कहा।
भारती डबास ने कहा कि रात की गश्त बढ़ा कर अपराध घटाएं, अवैध शराब और नशे की तस्करी पर पूरी रोक लगाएं, लंबित मामलों और शिकायतों का निपटान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार को बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
