पुलिस बल के साथ गोहाना के भैंसवाल कलाँ गांव में मीटर घरों से बाहर निकलवाने पहुंचे अफसर लौटे बैरंग
भैंसवाल कलां के ग्रामीणों के कड़े तेवर : जीते-जी नहीं निकलने देंगे बाहर मीटर, मार दो, उसके बाद निकाल लेना
गोहाना :- 21 नवम्बर : भारी पुलिस बल भी ग्रामीणों के सशक्त विरोध के समक्ष लाचार हो गया। बिजली के अधिकारियों को भैंसवाल कलां गांव के ग्रामीणों ने सख्त लहजे में कहा कि जीते-जी तो हम मीटर निकलने नहीं देंगे, पहले हम सब को मार दो, उसके बाद बाहर निकाल लेना मीटर। समझाने के सब प्रयास नाकाम हो गए तो अफसर टकराव टालने के लिए बैरंग गोहाना वापस लौट आए। मीटर जगमग हरियाणा योजना के अंतर्गत बाहर निकाले जाने हैं।
गोहाना क्षेत्र में 92 गांव हैं। इनमें से 89 गांवों में बिजली के मीटर घरों से निकाल कर बाहर लगाए जा चुके हैं। केवल तीन गांव ऐसे हैं जहां यह कार्य बाकी है। इन तीन गांवों में से एक गांव भैंसवाल कलां है। मंगलवार को यह कोई पहला मौका नहीं था जब बिजली अधिकारी भैंसवाल कलां गांव में बिजली के मीटर निकालने के लिए पहुंचे थे। हमेशा की तरह से इस बार भी असफलता हाथ लगी तथा भारी पुलिस बल के साथ बिजली अधिकारियों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
यह पहला अवसर था जब बिजली के अधिकारी आधा दर्जन से अधिक बसों में पुलिस के साथ भैंसवाल कलां गांव में पहुंचे। बिजली के मीटर बाहर निकालने की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट हो गए तथा उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे अपने घरों से मीटर किसी भी हालत में बाहर नहीं निकलने देंगे।
भैंसवाल कलां के पुरुष ही नहीं, महिलाएं भी भारी संख्या में गली में जमा हो गए। बिजली अधिकारी अपने साथ जितनी पुलिस लाए थे, हालांकि उसकी संख्या बहुत ज्यादा थी, लेकिन ग्रामीणों की भारी संख्या और उनके तेवरों के आगे कोई कुछ नहीं कर पाया। वैसे पूरा समय पुलिस शांत रही और बल प्रयोग की कोशिश तक नहीं की।
ग्रामीणों का सवाल था कि जब वे अपने बिल नियमित रूप से भर रहे हैं, बिजली के मीटर बाहर निकालने की जरूरत भला क्या है। ग्रामीणों की आशंका थी कि बाहर निकालने के बाद जो नए मीटर लगाए जाएंगे, वे अब के मीटरों से बहुत ज्यादा तेज गति से भागेंगे जिससे उनके बिजली के बिल बहुत ज्यादा आएंगे।
जब अधिकारियों ने ग्रामीणों को कहा कि मीटर बाहर निकलने पर उन्हें 24 घंटे बिजली मिलेगी, तपाक से जवाब दिया गया कि गांव को जितनी बिजली अब मिल रही है, उसके लिए उतनी काफी है। गांव वालों ने कटाक्ष से यह भी कहा कि मोदी और खट्टर गांव में आ जाएं, वे अपने मीटर बाहर निकलवा लेंगे।
भैंसवाल कलां गांव में बिजली मंत्री के ताजा विवादास्पद बयान पर भी विक्षोभ झलका। ग्रामीणों ने पलट कर सवाल किया कि जब हम शराब पी जाते हैं, हम बिजली के बिल कहां से भरेंगे। गांव के ग्रामीण जब बार-बार समझाने पर भी मीटर निकलवाने के लिए नहीं माने, तब अधिकारी पुलिस बल समेत भैंसवाल कलां से गोहाना के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों को बल प्रयोग में ग्रामीणों के भी हिंसक हो जाने की आशंका सताने लगी थी।
पुलिस बल के साथ अधिकारी भैंसवाल कलां गांव में बिजली के मीटर घरों से बाहर निकलवाने के लिए गए थे। लेकिन ग्रामीणों से विरोध कर दिया। ग्रामीणों को प्यार से समझाया जाएगा कि बिजली के मीटर घरों से बाहर लगने पर उन्हें पूरे 24 घंटे बिजली मिलेगी।
राज सिंह सिंहमार, एक्स. ई. एन., गोहाना डिवीजन
