आईटीआई नये ट्रेड-कंपनियों की मांग पर ही शुरू करेगी
गोहाना :- आईटीआई में नई ट्रेड कंपनियों की मांग पर ही शुरू की जाएंगी। नई ट्रेड का प्रपोजल भेजने से पहले आईटीआई प्रशासन को आसपास की कंपनियों से उस ट्रेड के विद्यार्थियों को रोजगार देने संबंधी प्रस्ताव लिखवाना होगा। कंपनियों द्वारा नौकरी देने का लिखित प्रस्ताव देने के बाद ही मुख्यालय संस्थान में नई ट्रेड शुरू करने की मंजूरी देगा। नई ट्रेड शुरू करने की नई व्यवस्था में विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त करने में आसानी होगी।
आईटीआई में नई ट्रेड शुरू कराने के लिए पहले अधिकारी अपने स्तर पर ही प्रपोजल तैयार कर मुख्यालय भेज देते थे। मुख्यालय द्वारा भी संस्थान की मांग के अनुसार औपचारिकताओं का निरीक्षण कर नई ट्रेड की मंजूरी दे दी जाती थी। लेकिन अब आईटीआई मुख्यालय ने नई ट्रेड शुरू कराने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। नई प्रक्रिया के अनुसार आईटीआई में अब कंपनियों की डिमांड के अनुसार ही नई ट्रेडें शुरू की जाएंगी। कंपनियों में जिस काम के लिए प्रशिक्षित कामगारों की आवश्यकता होगी, आईटीआई में भी उसी के अनुसार ट्रेड शुरू होंगी।
मुख्यालय ने जारी की हैं 23 नई ट्रेड की लिस्ट आईटीआई मुख्यालय ने संस्थानों में 23 नई ट्रेडों की लिस्ट जारी की हुई है। इनमें से जरूरत के अनुसार ट्रेड शुरू कराने के लिए आईटीआई अधिकारी अपने आसपास की कंपनियों में जाकर लिस्ट में शामिल ट्रेडों के बारे में बताएंगे। कंपनी भी अपनी जरूरत के अनुसार ट्रेड को चिह्नित कर संस्थान के साथ विद्यार्थियों को रोजगार देने को लेकर एमओयू करेगी।
^आईटीआई में नई ट्रेड शुरू कराने को लेकर मुख्यालय ने गाइडलाइन जारी की है। आसपास की कंपनियों में जाकर नई ट्रेडों के संबंध में बातचीत की जाएगी। कंपनी की आवश्यकतानुसार ही नई ट्रेड शुरू कराई जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद रोजगार प्राप्त करने में असुविधा नहीं होगी। – अजय खोखर, प्राचार्य, आईटीआई, गोहाना
