देवी नगर की गौशाला में 11 में से 4, जींद रोड की गौशाला में होगा 6 पदों के लिए मतदान
गोहाना की दोनों गौशालाओं में पहली बार मतदान से चुनाव, दोनों गौशालाओं के लिए वोटिंग 29 को देवीनगर की गौशाला में होगी
गोहाना :- 26 अक्तूबर : शहर की दोन गौशालाओं के 29 अक्तूबर को होने वाले त्रिवार्षिक चुनाव के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देवी नगर की श्री कृष्ण आदर्श गौशाला के लिए 11 पदों में से 4 पदों तथा जींद रोड की श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के लिए 6 पदों के लिए मतदान होगा। दोनों गौशालाओं के चुनाव के लिए मतदान देवी नगर की गौशाला में ही होगा। मतदान पूरा होते ही दोपहर बाद 3 बजे वोटों की गिनती हो जाएगी तथा परिणाम सार्वजनिक हो जाएगा। गोहाना की गौशालाओं के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब विधिवत मतदान से चुनाव होंगे।
अब से पहले हमेशा सर्वसम्मति से निर्णय होते रहे हैं। दोनों गौशालाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी के 6 सदस्यों के लिए अलग-अलग चुनाव हो रहे हैं। इस चुनाव में दोनों गौशालाओं में इन गौशालाओं के पिछले अध्यक्ष घनश्याम तायल के पैनल और अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सतीश गोयल के पैनल में सीधा मुकाबल है। तायल पैनल का निशान उगता हुआ सूरज और गोयल पैनल का चुनाव निशान सीढ़ी हैं। नामांकन की प्रक्रिया में विभिन्न पदों के लिए या तो नामांकन भी नहीं भरे गए अथवा वापस ले लिए गए। ऐसे सब पद खाली रह गए। जिन पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन आया था, उन पदों के लिए निर्विरोध चुनाव हो गया।
ये चुनाव सहकारी समितियों की सोनीपत जिले की रजिस्ट्रार संजीत कौर की देखरेख में हो रहे हैं। उन्होंने नई अनाज मंडी के आढ़ती संजीव सिंघल को आर. ओ. नियुक्त कर रखा है।विशेष बात यह है कि अनिल गोयल दोनों ही गौशालाओं के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। वह पिछली कार्यकारिणियों में भी समान जिम्मेदारी का निर्वाह कर रहे थे।देवी नगर की श्री कृष्ण आदर्श गौशाला में अनिल गोयल के साथ कार्यकारिणी के 6 में से 4 सदस्य नरेंद्र बंसल, सत्यनारायण मित्तल, प्रेम चंद गुप्ता और विनोद जैन निर्विरोध चुने जा चुके हैं। कार्यकारिणी के सदस्यों के दो पदों के लिए कोई नामांकन न आने से ये पद खाली रह गए।
इस गौशाला में जिन चार पदों के लिए चुनाव होना है, वे पद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सह सचिव के पद हैं। अध्यक्ष पद के लिए घनश्याम तायल और सतीश गोयल,
उपाध्यक्ष पद के लिए संदीप शर्मा और शीशपाल गोयल,सचिव पद के लिए राम कुमार गर्ग और रामनिवास गर्ग तथा सह सचिव के लिए शुभम गोयल और पीतराम जिंदल आमने-सामने हैं।
जींद रोड़ की श्री गोपाल कृष्ण गौशाला में कोषाध्यक्ष अनिल गोयल बने तो उपाध्यक्ष पद के लिए पीत राम जिंदल नाम वापस ले लेने के बाद राव राजेंद्र सिंह निर्विरोध चुन लिए गए। कार्यकारिणी के 2 सदस्य नरेंद्र बंसल और प्रेम चंद गुप्ता निर्विरोध चुन लिए गए। सदस्य के एक पद के लिए केवल एक नामांकन आया था, उसी उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया जिससे उसका पद खाली रह गया। ऐसे में कार्यकारिणी के 3 सदस्यों के साथ अध्यक्ष, सचिव और सहसचिव के कुल 6 पदों के लिए मतदान होगा।
”
इस गौशाला में अध्यक्ष पद के लिए घनश्याम तायल और सतीश गोयल, सचिव पद के लिए राम कुमार गर्ग और श्रीपाल सिंघल, सह सचिव पद के लिए जुगल किशोर मंगल और विकास जैन में संघर्ष होगा। कार्यकारिणी के सदस्य पद के लिए जयभगवान और रमेश अग्रवाल, अत्तर सिंह और राम कुमार गर्ग, जगदीश गोयल और पवन जिंदल में आमने-सामने की सीधी टक्कर होगी।



