नवंबर तक बंद हो जाएगा गोहाना का आधी सदी पुराना फोन एक्सचेंज
लैंडलाइन उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर बी.सी.एन.एल. ने दी जानकारी
गोहाना :-21 अक्तूबर : नवम्बर माह तक गोहाना का आधी सदी से ज्यादा पुराना फोन एक्सचेंज बंद हो जाएगा। यह जानकारी उन नोटिसों में दी गई है जिसे बी.एस.एन.एल. ने सब लैंडलाइन कनेक्शन धारक उपभोक्ताओं को जारी किया है। शनिवार को इस नोटिस की प्रति को हरियाणा दूरभाष सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य एडवोकेट अशोक अग्रवाल ने पत्रकारों के साथ सांझा किया। गोहाना में अब भी एक गली का नाम टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली है। यह गली बरोदा रोड पर उत्तम नगर में स्थित है।
लॉर्ड शिवा चौक में बी.एस.एन.एल. द्वारा अपना भवन तैयार होने तक गोहाना में एक्सचेंज इसी गली में किराए के भवन में कई दशक चलता रहा है।यह वह दौर था जब फोन के रिसीवर में डॉयलर तक नहीं होता था। फोन का चोगा उठाने पर सीधे एक्सचेंज में बात होती थी। लोकल बात करनी होती थी तो आप्रेटर वहां से नंबर मिला कर देता था। दूसरे शहर में बात करने के लिए तब ट्रंक काल बुक करवानी पड़ती थी। तब भी बारी आने पर आप्रेटर ही बात करवाता था। वह समय दूरसंचार विभाग का था। विभाग के निजीकरण के बाद यह भारत संचार निगम लिमिटेड यानी बी.एस.एन.एल. बन गया। लेकिन धीरे-धीरे दूसरी प्राइवेट दूरसंचार कम्पनियों का वर्चस्व इतना बढ़ा कि बी.एस.एन.एल. के उपभोक्ता लगातार कम होते चले गए। विशेषकर 2 जी के बाद जब 3 जी, 4 जी और 5 जी आए. गोहाना के उपभोक्ता बी.एस.एन.एल. के कनेक्शन छोड़ कर दूसरी कम्पनियों से जुड़ते रहे।
एक वक्त था जब हर घर, हर दुकान में बी.एस.एन.एल. उर्फ दूरसंचार विभाग का ही लैंडलाइन कनेक्शन हुआ करता था। अपने एकाधिकार के समय में बी.एस.एन.एल. की सेवाओं की शोचनीय स्थिति और दुर्दशा ने ही उपभोक्ताओं का इससे मोहभंग किया। दूसरी कम्पनियों का विकल्प मिलते ही जितनी तेजी से वे कम्पनियां उभरी, उसी रफ्तार से बी.एस.एन.एल. का पतन हो गया और अब हालत यह हो गई है कि गोहाना जैसे बड़े शहर में बी. एस. एन. एन. अपने फोन एक्सचेंज तक को बंद करने के लिए मजबूर हो गया है। 11 अक्तूबर की तारीख में बी.एस.एन.एल. ने गोहाना के अपने लैंडलाइन उपभोक्ताओं को नोटिस भेजे हैं। यह नोटिस एडवोकेट अशोक अग्रवाल को भी मिला है जो टी. ए. सी. के पूर्व सदस्य हैं तथा अब भी सेक्टर 7 स्थित अपने निवास पर बी.एस.एन.एल. का ही लैंडलाइन कनेक्शन बरकरार रखे हुए हैं। अशोक अग्रवाल ने बताया कि नोटिस में साफ-साफ लिखा है कि एक महीने के भीतर गोहाना के फोन एक्सचेंज को बंद कर दिया जाएगा।
