गोहाना के देवीनगर की गौशाला में होगा दोनों गौशालाओं के लिए मतदान
गोहाना :-19 अक्तूबर : शहर की दोनों गौशालाओं का चुनाव 29 अक्तूबर को होगा। यह चुनाव देवीनगर की श्रीकृष्ण आदर्श गौशाला और जींद रोड पर स्थित श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के लिए होगा। दोनों गौशालाओं की नई कार्यकारिणियां चुनने के लिए मतदाता देवी नगर की गौशाला में एक ही स्थान पर मतदान करेंगे। यह जानकारी गुरुवार को इन गौशालाओं के चुनाव के लिए सहकारी समितियों की जिला रजिस्ट्रार द्वारा नियुक्त आर. ओ. संजीव सिंघल ने दी। संजीव सिंघल ने बताया कि चुनाव की सब तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। उनके अनुसार वोटिंग का समय सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक का होगा। उसके तुरंत बाद वोटों की गिनती करवा कर परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।
दोनों गौशालाओं में घनश्याम तायल और सतीश गोयल के पैनल मैदान में हैं। आर.ओ. के अनुसार देवी नगर की गौशाला में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सह-सचिव के साथ कार्यकारिणी के दो सदस्यों के लिए मतदान होगा। इस गौशाला में कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी के 6 में से 4 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। श्री गोपाल कृष्ण गौशाला में निर्विरोध चुनाव उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष के साथ कार्यकारिणी के तीन सदस्यों के लिए हुआ है। इस गौशाला में अध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कार्यकारिणी के तीन सदस्य चुनने के लिए मतदान होगा।
आर.ओ. संजीव सिंघल ने बताया कि चूं कि दोनों गौशालाओं में से किसी ने अपने सदस्यों को पहचान पत्र जारी नहीं कर रखे हैं, ऐसे में मतदान का मुख्य आधार आधार कार्ड रहेगा। साथ में पहचान के समकक्ष अन्य दस्तावेज भी स्वीकार किए जाएंगे। श्री गोपाल कृष्ण गौशाला में 30 तो श्रीकृष्ण आदर्श गौशाला में 26 वोटर हैं। इनमें से 11 वोटर ऐसे हैं जिनको दोनों गौशालाओं में मताधिकार प्राप्त है।



