गोहाना :- 13 अक्तूबर : शुक्रवार को गांव बड़ौता स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के तत्वावधान में बच्चों ने फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता रैली निकाली। बच्चों को अपने परिवार को पराली न जलाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प करवाया गया।
फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता रैली को हरी झंडी स्कूल की इंचार्ज सुनीता ने दिखाई। कृषि निरीक्षक हितेश चहल ने कहा कि पराली जलाने से जो धुआं ऊपर उठता है, वह वायु में मौजूद नमी संग घातक रूप धारण कर लेता है। इस धुएं से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को भारी नुकसान होता है। पराली जलाने वालों के लिए 2500 रुपए से 15 हजार रुपए के जुर्माने और 6 महीने की कैद का प्रावधान है। फील्डमैन लोकेश और पंकज ने कहा कि पराली के प्रबंधन के लिए सरकार ने किसानों को प्रति एकड़ एक हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था की है। फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता रैली के आयोजन में विशेष सहयोग अनिल वत्स, रमेश कुमारी, अंजू सरदाना, श्वेता, निशा, सरिता, सतीश शर्मा आदि का रहा।



