गोहाना की दोनौ गौशालाओं के चुनाव में दो पैनल हए आमने-सामने
एक पैनल पूर्व अध्यक्ष घन श्याम तायल तो दूसरा पैनल अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सतीश गोयल का, दोनों गौशालाओं के कोषाध्यक्ष बन सकते हैं अनिल गोयल, किसी और ने नहीं भरा नामांकन
गोहाना :- 1 अक्तूबर : सहकारी समिति की सोनीपत जिले की रजिस्ट्रार संजीत कौर द्वारा करवाए जा रहे गोहाना शहर की दो गौशालाओं के चुनाव में रविवार को एक दिन की नामांकन प्रक्रिया पूर्ण हो गई। नामांकन प्रक्रिया में दो पैनल आमने-सामने हुए हैं। एक पैनल दोनों गौशालाओं के पूर्व अध्यक्ष घनश्याम तायल का है तो दूसरा पैनल सतीश गोयल का है। सतीश गोयल अग्रवाल सभा के अध्यक्ष हैं। वह गोहाना ट्रक यूनियन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
दोनों गौशालाओं के निर्विरोध कोषाध्यक्ष अनिल गोयल का बनना तय हो गया है। उनके अलावा किसी अन्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया। गोहाना शहर में देवीनगर में श्री कृष्ण आदर्श गौशाला है तो जींद रोड पर श्री गोपाल कृष्ण गौशाला है। इन गौशालाओं के चुनाव के लिए मतदान 29 अक्तूबर को होना है। इस के लिए रविवार को दोनों गौशालाओं की नामांकन प्रक्रिया एक ही दिन देवी नगर की गौशाला में एक साथ हुई। यह प्रक्रिया जिला रजिस्ट्रार संजीत कौर द्वारा नियुक्त आर.ओ. संजीव सिंघल और ऑब्जर्वर औद्योगिक विस्तार
अधिकारी मनजीत सिंह दहिया ने पूर्ण की। सिंघल की टीम में सोनीपत के बंधन बैंक की मैनेजर ज्योति और केंद्र सरकार के रिटायर्ड राजपत्रित अधिकारी कर्ण सिंह थे।
दोनों गौशालाओं में अलग-अलग 11 पदों के लिए चुनाव होना है। ये पद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव और कोषाध्यक्ष के साथ कार्यकारिणी के 6 सदस्यों के हैं। श्री कृष्ण आदर्श गौशाला और श्री गोपाल कृष्ण गौशाला, दोनों के अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन आए हैं। ये नामांकन घनश्याम तायल और सतीश गोयल के हैं। शेष पदों के लिए इन दोनों के समर्थकों ने नामांकन भरे हैं। दोनों गौशालाओं के कोषाध्यक्ष पद के लिए केवल अनिल गोयल का नामांकन आया है। वह पुरानी कार्यकारिणी में भी कोषाध्यक्ष थे। दोनों गौशालाओं में सचिव पद के लिए समान नाम आए हैं। तायल पैनल की ओर से जहां राम कुमार गर्ग हैं, वहीं गोयल पैनल की ओर से राम निवास गर्ग हैं। श्री कृष्ण आदर्श गौशाला में घन श्याम तायल के पैनल में उपाध्यक्ष पद के लिए संदीप शर्मा, सह-सचिव पद के लिए शुभम गोयल,कार्यकारिणी के सदस्यों के लिए प्रेम चंद गुप्ता है। सतीश गोयल के पैनल की ओर से उपाध्यक्ष पद के लिए शीशपाल गोयल, सह-सचिव पद के लिए पितराम जिंदल, कार्यकारिणी के सदस्य के लिए विनोद जैन, सत्य नारायण मित्तल और नरेंद्र बंसल हैं। कार्यकारिणी के 6 सदस्यों के पदों के लिए केवल चार नामांकन भरे गए हैं।
श्री गोपाल कृष्ण गौशाला में घन श्याम तायल के पैनल में उपाध्यक्ष पद के लिए पितराम जिंदल, और सह-सचिव पद के लिए जुगल किशोर मंगल, कार्यकारिणी के
सदस्य के पद के लिए जयभगवान जांगड़ा, अत्तर सिंह जांगड़ा, जगदीश गोयल और प्रेम चंद गुप्ता ने नामांकन भरे हैं। सतीश गोयल के पैनल में उपाध्यक्ष राव राजेंद्र सिंह, सह-सचिव विकास जैन, कार्यकारिणी के सदस्य रमेश अग्रवाल, नरेंद्र बंसल, पवन जिंदल, राम कुंवार गर्ग और जगमंदर दास गोयल हैं।पैनलों के इस संघर्ष में एक उम्मीदवार ऐसे भी हैं जिन पर दोनों पैनलों ने दोनों गौशालाओं में अलग-अलग पदों के लिए दांव लगाया है। पितराम जिंदल को देवी नगर की गौशाला में सतीश गोयल पैनल ने सह-सचिव का प्रत्याशी बनाया है तो जींद रोड की गौशाला में घनश्याम तायल ने
उपाध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है।



