गोहाना :- 23 सितम्बर : हरियाणा नगर पालिका एवं नगर परिषद अध्यक्ष एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष और गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने शनिवार को कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक ने पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि पी. एम. नरेंद्र मोदी नारी शक्ति के इतने बड़े संरक्षक हैं कि उनको बेटी के पैदा होने से उसके बड़ा होने तक का पूरा ध्यान है तथा वह आधुनिक विकसित भारत की प्रगतिशील नारी को किसी भी मायने में उन्नीस नहीं रहने देना चाहते।
रजनी इंद्रजीत विरमानी अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। इस अवसर पर उनके साथ वार्ड नंबर 13 की नगर पार्षद भगवती सुनील राजपाल तथा वार्ड नंबर 15 की नगर पार्षद अंजू विनोद राजौरा भी उपस्थित थीं। रजनी इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि पी. एम. नरेंद्र मोदी भारतीय संस्कृति की उज्जवलता के प्रतीक उसे ध्येय वाक्य को वास्तव में चरितार्थ कर रहे हैं कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता विराजते हैं। उन्होंने स्मरण करवाया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का अभियान नरेंद्र मोदी की ही पहल थी जिससे उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक कलंक का उन्मूलन किया तो बेटी के अच्छा पढ़ने-लिखने को भी निर्विघ्न बनाने का प्रयास किया। अपने 9 साल के शासनकाल में पी.एम. मोदी ने प्रत्येक वह कदम उठाया जिससे नारी शक्ति का सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण अतिरिक्त सुदृढ़ होता हो।नगर पालिका एवं नगर परिषद एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ महिलाओं को राजनीति में उनकी हिस्सेदारी देने में बड़ी भूमिका निभाएगा तथा इसके लिए नारी समाज हमेशा पी. एम. नरेंद्रमोदी का ऋणी रहेगा।



