तिहाड़ मलिक के बीपीएल परिवारों को राशन डिपो में नहीं मिला सरसों का तेल ; लघु सचिवालय में पहुंचकर जताया रोष
गोहाना :- तिहाड़ मलिक के बीपीएल परिवारों को राशन डिपो में सरसों का तेल नहीं मिला। इस पर ग्रामीणों ने सोमवार को सोनीपत रोड स्थित लघु सचिवालय में पहुंचकर रोष जताया। उन्होंने सरकार पर उनकी अधिक आय दिखाकर तेल न देने का आरोप लगाया। इसके साथ ही तेल दिलाने की मांग को लेकर एसडीएम आशीष वशिष्ठ को ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीण जसवंत, बलराज, बिजेंद्र सिंह, गुलाब, सतीश, लवली, पूनम, मीना, सोनिया आदि ने बताया कि वे दिहाड़ी-मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते हैं।
इसके तहत उनके बीपीएल कार्ड बने हैं। उन्होंने बताया कि पहले बीपीएल श्रेणी के लाभार्थियों को गेहूं के साथ सरसों का तेल मिलता था, लेकिन अब की बार 50 से अधिक लाभार्थियों को तेल नहीं मिला है। जब उन्होंने इसको लेकर पता किया तो जानकारी मिली कि उनकी आय एक लाख से अधिक है, जबकि तेल एक लाख से कम आय के लाभार्थियों को ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बीपीएल श्रेणी के सभी लाभार्थियों को गेहूं की तरह सरसों का तेल भी देना चाहिए। इसी को लेकर उन्होंने एसडीएम आशीष वशिष्ठ को ज्ञापन देकर उनकी समस्या का समाधान कराने की मांग की। इस पर एसडीएम ने उन्हें उचित आश्वासन दिया।



